हरिद्वार। मानव सेवा की आड़ में अवैध ब्लड डोनेशन कैंप चलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 05 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के कब्जे से इकठ्ठा किया 27 यूनिट रक्त, उपकरण व 02 वाहन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में जानकारी मिली कि यह गिरोह रक्तदान के बहाने इकठ्ठा ब्लड अन्य जिलों/राज्यों में ऊँचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक जिले की लक्सर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त इकठ्ठा कर रहे है जिसे वह ब्लड बैंक ना ले जाकर अन्य स्थानों पर अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास कर रहे है।सूचना पर पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध कारों स्विफ्ट UK-08- BL- 3257 व स्कॉर्पियो UP-20-CD- 8085 को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी में कार के अंदर से 27 यूनिट रक्त एवं 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन व अन्य उपकरण बरामद हुए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बिना किसी अनुमति व वैध लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर ब्लड इकठ्ठा कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिली कि यह लोग उस ब्लड को अन्य जनपदों व राज्यों में 8 से 10 हजार रुपए तक बेच रहे थे। यह रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट भी से रहे थे। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है।
पकड़े गए आरोपियों में अनित सैनी, पुत्र राजेश कुमार, निवासी ग्राम फतवा, थाना लक्सर, शुभम कुमार, पुत्र जीतराम, निवासी ग्राम माड़ा बेला, खानपुर, दुष्यन्त कुमार, पुत्र मदनलाल सैनी, निवासी आवास विकास, बिजनौर, कावेन्द्र कुमार, पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी सिविल लाइन, मुरादाबाद व दया सिंह, पुत्र ओमकार सिंह, निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा, सम्भल, उत्तर प्रदेश के नाम शामिल हैं।






