सिंगरौली: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ।


सिंगरौली: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ।
गुरु रविदास जी के समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं : राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह
(जिला ब्यूरो चीफ सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला)
सिंगरौली: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के पावन अवसर पर राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में सिंगरौली जिले में अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री राम निवास शाह, देवसर विधानसभा के विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा अभियान का शुभारंभ
किया गया। समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे, बंधुत्व एवं सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करना है। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के माध्यम से सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है। गुरु रविदास महाराज जी के प्रसिद्ध संदेश “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न।” को अभियान का आधार बनाया गया है। यह संदेश समानता, सामाजिक न्याय और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान की भावना को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता एवं समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जिलेवासियों से समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता कर सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।इस अवसर पर संगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को समानता, मानवता और भाईचारे की राह दिखाई। उनके विचारों को आत्मसात कर हम समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को और मजबूत कर सकते हैं। देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने और भाईचारे की भावना को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान से जुड़कर संत रविदास जी के समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में भव्य कलश यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों, शिक्षाओं एवं सामाजिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने 20 अगस्त से 10 सितम्बर तक आयोजित होने वाली कलश यात्रा को रवाना किया। कलश यात्रा सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार का प्रभावी माध्यम बनेगी। अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर समरस, समान एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







