मिशन मानस के तहत विद्यार्थियों से संवाद, जानी समस्याएं

मिशन मानस के तहत विद्यार्थियों से संवाद, जानी समस्याएं

राउमावि सोडावास में हुआ आयोजन, एसडीएम राणावत ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
पाली, 22 अगस्त। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की ओर से संचालित नवाचार ‘मिशन मानस’ के तहत शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोडावास में विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
संस्था प्रधान हितेश रामावत ने बताया कि कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मिशन मानस की विभिन्न गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा को प्रभावी बनाने, नियमित अध्ययन, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा भविष्य में रोजगार के उपलब्ध अवसरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
भामाशाहों से संपर्क कर विद्यालय विकास पर जोर -मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर अधिक से अधिक भामाशाहों एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के नियमित अध्ययन को सुविधाजनक बनाने के लिए स्टडी स्टैंड सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
विद्यार्थियों से सीधे जानी समस्याएं – कार्यक्रम मे उपखंड अधिकारी राणावत ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालयी गतिविधियों एवं भविष्य को लेकर आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर समाधान कर उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है।
पौधरोपण कर संरक्षण का लिया जिम्मा – कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य पौधरोपण किया गया। इस दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का जिम्मा भी लिया गया। इस अवसर पर प्रभु सिंह राजपुरोहित, सत्य नारायण सिंह राजपुरोहित, विक्रम सिंह, वैशाली चतुर्वेदी, राजेश, सुखदेव, करनाराम सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




