ऑपरेशन प्रहार: चेन झपटमारी के दो आरोपी गिरफ्तार।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान सैनी आश्रम के पास हुई चेन झपटमारी की घटना का कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों से पीली धातु की चेन भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शिवम गुप्ता के खिलाफ चोरी, लूट, डकैती सहित विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक नन्दपुरी कॉलोनी, आर्यनगर ज्वालापुर निवासी अश्वनी खुराना पुत्र भगवान दास ने तहरीर देकर बताया था कि 03 अगस्त 2026 को सैनी आश्रम के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश उसके भाई के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 582/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
कांवड़ मेले के दौरान हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली ज्वालापुर पुलिस की टीम गठित की गई, जबकि इलेक्ट्रॉनिक डाटा जुटाने और तकनीकी सहयोग की जिम्मेदारी सीआईयू हरिद्वार को सौंपी गई।
पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी और लगातार पूछताछ एवं सुरागरसी-पतारसी की। इसी क्रम में 21/22 अगस्त 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शिवम गुप्ता और राहुल को बेगमपुर, बहादराबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बेगमपुर जाने वाले रास्ते में झाड़ियों से पीली धातु की एक चेन बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी
1. शिवम गुप्ता पुत्र राकेश कुमार गुप्ता, निवासी संकटा देवी, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश।
2. राहुल पुत्र लाल विहारी, निवासी गोला गोकरण नाथ, थाना गोला, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश।
शिवम गुप्ता का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार शिवम गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2023 से 2025 तक चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धारा 394, 392, 411 भादवि, धारा 304(2), 317(2), 109(1) बीएनएस, आर्म्स एक्ट तथा उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी राहुल के आपराधिक इतिहास के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी
– पीली धातु की चेन — 01
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, उप निरीक्षक समीप पाण्डेय (प्रभारी चौकी रेल), उप निरीक्षक गगन मैठाणी, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, कांस्टेबल नवीन छेत्री, सुनील शर्मा, नरेन्द्र राणा एवं रविन्द्र चौहान शामिल रहे।
सीआईयू टीम
निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट (प्रभारी सीआईयू), कांस्टेबल हरवीर, दीप गौड़ एवं वसीम ने तकनीकी एवं अन्य सहयोग प्रदान किया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




