गोवंश हमले से बाल-बाल बचे भारतीय बजरंग दल जिला अध्यक्ष बाइक हुई क्षतिग्रस्त


गोला गोकर्णनाथ छोटी काशी विकास चौराहे पर शनिवार की रात करीब 10 बजे आवारा गोवंश भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता विकास चौराहे पर खड़े थे। तभी अचानक एक गोवंश ने उन पर हमला करने का प्रयास किया। अनूप गुप्ता ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई, लेकिन पास में खड़ी उनकी मोटर साइकिल गोवंश की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया इन दिनों सावन का मेला चल रहा है, जिसमें प्रतिदिन हजारों की संख्या में शिवभक्त और कांवड़िये पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़कों पर खुले में घूम रहे गोवंश कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है।
इससे पहले भी आवारा गोवंश के कारण कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें मनुष्य और गोवंश दोनों की जान जा चुकी है।
अनूप गुप्ता के अनुसार, नगर में खुले में घूम रहे गोवंश को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाने के लिए उन्होंने कई बार नगर पालिका अधिशासी अधिकारी, तहसील प्रशासन, उप जिलाधिकारी तथा जिला प्रशासन को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि बीती रात की घटना के बाद वह मानसिक रूप से तनाव में हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर में घूम रहे आवारा गोवंश को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाने की तत्काल व्यवस्था नहीं की गई तो भारतीय बजरंग दल जल्द ही आंदोलन करेगा। आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
जिला अध्यक्ष ने सरकारी स्तर पर गोवंश के रखरखाव और चारे-पानी के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गोवंश के लिए आने वाली धनराशि का उचित उपयोग धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सावन मेले के दौरान विशेष अभियान चलाकर सड़कों और प्रमुख चौराहों पर घूम रहे गोवंश को तत्काल सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




