मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में जापानी कंपनियों के निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में जापानी कंपनियों के निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निरंतर संवाद के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया जाए और प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री जी ने YEIDA के अंतर्गत जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
500 एकड़ में से 350 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि जापान में सितंबर, अक्टूबर एवं दिसंबर में होने वाले विभिन्न वैश्विक आयोजनों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल भेजा जाए। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति तथा संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया जाए, ताकि उत्तर प्रदेश-जापान संबंधों को और मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने जापानी भाषा के प्रशिक्षण एवं स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यामानाशी प्रांत सहित जापान के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं को और सुदृढ़ किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने जापानी पर्यटकों के लिए उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा बौद्ध पर्यटन रूट विकसित किया जाए, जिससे पर्यटक एक साथ सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु सहित अधिक से अधिक बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर सकें। बौद्ध सर्किट में पर्यटन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने आगामी ट्रेड शो में जापानी विशेषज्ञों के साथ विशेष सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों को उनके अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल सारनाथ और जापान के नारा को परस्पर सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश एवं यामानाशी प्रांत के बीच द्विपक्षीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए दोनों क्षेत्रों के टूर ऑपरेटरों के मध्य समन्वय एवं सहयोग बढ़ाने के निर्देश दिए।