कांठ: राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने पर सलेमपुर में प्रधानाचार्य डॉ. अनुज अग्रवाल का भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों प्रतिष्ठित राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त कर गांव लौटे राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर कांठ के प्रधानाचार्य डॉ. अनुज अग्रवाल का ग्रामीणों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने भव्य स्वागत किया। उनके गांव पहुंचते ही सलेमपुर में खुशी का माहौल उत्सव में बदल गया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत रैली निकाली और नारे लगाते हुए पूरे गांव में उनका अभिनंदन किया।
डॉ. अनुज अग्रवाल की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। बताया गया कि मुरादाबाद जनपद में वर्ष 2005 के बाद किसी सरकारी शिक्षक को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त हुआ है। वहीं माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में वर्ष 2011 के बाद पहली बार जनपद के किसी शिक्षक को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। इससे शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह है।
— गांव की गलियों में गूंजे अभिनंदन के स्वर
डॉ. अग्रवाल के सलेमपुर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्वागत संदेश लेकर रैली निकाली। ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। गांव की गलियों में देर तक बधाई और अभिनंदन का सिलसिला चलता रहा। विद्यालय पहुंचने पर अभिभावकों एवं ग्रामवासियों ने कहा कि यह सम्मान केवल डॉ. अनुज अग्रवाल की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सलेमपुर गांव और पूरे मुरादाबाद जनपद के लिए गौरव की बात है।
— शिक्षण एवं सामाजिक सरोकारों को मिली पहचान
ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. अनुज अग्रवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार कार्य किया है। उनके प्रयासों से विद्यालय के शैक्षिक वातावरण और पहचान को नई दिशा मिली है। राज्य शिक्षक पुरस्कार उनके समर्पण, नवाचार और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की पहचान है। इस अवसर पर विशाल कुमार चौहान, मुफ्तिजुर रहमान, विवेक कुमार राजपूत, बृजेश कुमार, सतपाल सिंह, लोकेश कुमार सिंह, शालिनी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. अनुज अग्रवाल की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और सलेमपुर के शिक्षक का राज्य स्तर पर सम्मानित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






