*60 लाख की अफीम के साथ चार अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार

*60 लाख की अफीम के साथ चार अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार*
रुपईडीहा बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में SSB और थाना रुपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ट्रैवलर वाहन की तलाशी के दौरान 4.917 किलो अवैध अफीम बरामद कर एक महिला समेत चार अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
रूपईडीहा थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा एस एस बी के डिप्टी कमांडेंट शशि भूषण के नेतृत्व वाली टीम ने बुधवार को भारत-नेपाल सीमा से बहराइच जाने वाले मार्ग पर जैतापुर मोड़ से पहले पुराने बस स्टॉप के पास एक ट्रैवलर वाहन को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान ट्रेलर वाहन संख्या HP01A8898 से एक काले रंग के बैग में छिपाकर रखी 4.917 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। मौके से वाहन में सवार नेपाल निवासी चट्टान बसनेर व उसकी पत्नी गीता खत्री, हिमाचल प्रदेश निवासी राजकुमार तथा नेपाल निवासी देवेंद्र बुढ़ा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, 4310 नेपाली रुपये और 6510 भारतीय रुपये भी बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में टेक्नो स्पार्क-8, पोको सी-51, ओप्पो रेनो-2Z और ओप्पो-17 प्रो शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में थाना रुपईडीहा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय बहराइच भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में चट्टान बसनेर व उसकी पत्नी गीता खत्री निवासी जाजरकोट, नेपाल, देवेंद्र बुढ़ा निवासी बागमती प्रदेश, नेपाल तथा राजकुमार निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। कार्रवाई में थाना रुपईडीहा पुलिस के साथ SSB 42वीं वाहिनी के जवान शामिल रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






