मतदान की घड़ी करीब, पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना

मतदान की घड़ी करीब, पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना
65 वार्डों में 166 मतदान केन्द्रों पर होगी वोटिंग, 244 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे मतदाता
राजकीय विधि महाविद्यालय से अंतिम प्रशिक्षण के बाद रवाना हुए मतदान दल, निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान के निर्देश
पाली, 10 सितम्बर। नगर निगम आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के मतदान को लेकर पाली में चुनावी हलचल तेज हो गई है। मतदान की घड़ी नजदीक आते ही प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। गुरुवार को राजकीय विधि महाविद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के बाद पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दलों की रवानगी के साथ ही शहर के 65 वार्डों में चुनावी व्यवस्था पूरी तरह मैदान में उतर गई।
रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम शीलेन्द्र सिंह ने बताया कि नगर निगम पाली के 65 वार्डों के लिए कुल 166 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन वार्डों में 244 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
अंतिम प्रशिक्षण में समझाई मतदान प्रक्रिया -राजकीय विधि महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण के दौरान पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। मतदान दलों को ईवीएम के संचालन, मतदान संबंधी प्रपत्रों, आवश्यक अभिलेखों, मतदान केन्द्र पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के बारे में विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों ने मतदान दलों को निर्देश दिए कि मतदान केन्द्र पर प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। किसी भी प्रकार के दबाव, पक्षपात या लापरवाही की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाए।
एक-एक मतदान केन्द्र पर रहेगी नजर – सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पोलिंग पार्टियों के मतदान केन्द्रों पर पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मतदान के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय स्थिति सामने आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखा जाए।
166 मतदान केन्द्र , 65 वार्ड व 244 प्रत्याशी -नगर निगम क्षेत्र के सभी 65 वार्डों में मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मतदान केन्द्रों पर पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ ही अब प्रत्याशियों और समर्थकों के साथ-साथ मतदाताओं की निगाहें मतदान दिवस पर टिक गई हैं। शहर के 244 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाताओं के मत से होगा
ये रहे मौजूद – इस मौके पर विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल, तहसीलदार सुनील कुमार, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, ललित कुमार दवे, रमेश अणकिया,सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






