खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न संस्थान को दिया इंप्रूवमेंट नोटिस

डीडवाना-कुचामन, खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी के निर्देशन मे जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं सैंपलिंग अभियान जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल, इरशाद खान,मधु यादव ने डीडवाना शहर में क्लार्क होटल, होटल तैयबा, झनकार होटल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रसोई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जांच के दौरान क्लार्क होटल में सॉस, चाय अवधिपार मिली जिसे मौके पर नष्ट करवाया गया,होटल तैयबा , झनकार होटल रसोई इकाई में खाने बनाने के एरिया की साफ सफाई नहीं पाई गई है,पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, पानी की जांच मौके पर उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस (सुधार नोटिस) जारी किया गया तथा आवश्यक कमियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान रसोई में सब्जियों के निर्माण में उपयोग की जा रही ग्रेवी का नमूना जांच के लिए लिया गया। नमूने को नियमानुसार खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल ने रसोई संचालक को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। रसोई परिसर, भोजन तैयार करने के स्थान, बर्तनों, खाद्य सामग्री के रख-रखाव तथा भोजन को सुरक्षित तरीके से रखने की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट है कि भोजन उपलब्ध कराने वाले संस्थानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ वैधानिक लाइसेंस की जांच भी की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही मिड डे मिल में पन्ना धाय बाल गोपाल योजना के तहत उपलब्ध दूध पाउडर के नमूने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय से लिए गए हैं। इस कारवाही में बाबुलाल, इरशाद खान, मधु यादव खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं राजू राम सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







