अलवर में कार की टक्कर से तीन दोस्तो को मौत के बाद परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अलवर में कार की टक्कर से 3 दोस्तों की मौत के बाद बवाल: परिजनों ने लगाया पुरानी रंजिश में सुनियोजित हत्या का आरोप, मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे लोग; बड़े आंदोलन की चेतावनी
अलवर:
राजस्थान के अलवर शहर स्थित अरावली विहार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए एक संदिग्ध सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत के बाद मामला पूरी तरह गरमा गया है। मोती नगर से काली मोरी मार्ग पर रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे तीन युवकों—जितेंद्र राजपूत उर्फ छोटू (21-22), युवराज सैनी (21-22) और हिमांशु शर्मा (21-22)—को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे और गंभीर चोटें लगने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अनियंत्रित कार नाले की दीवार से जा टकराई और उसमें सवार चार से पांच लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। रविवार सुबह होते ही घटना ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब मृतकों के परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय नागरिक इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए।
परिजनों का सीधा आरोप है कि यह महज हादसा नहीं बल्कि पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से की गई हत्या है, जिसमें युवकों को गाड़ी से टक्कर मारने के बाद पत्थरों से भी चोट पहुंचाई गई। आक्रोशित परिजनों ने निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई, हत्या की धाराओं में प्राथमिकी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शवों का पोस्टमार्टम कराने और उन्हें लेने से साफ इनकार करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
वहीं, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कार को जब्त कर लिया है, जो सचिन मीणा के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है, और अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर दुर्घटना व रंजिश दोनों पहलुओं की गहनता से निष्पक्ष जांच की जा रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







