चंद्रपुर जिले में गुरुवार (17 तारीख) को तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये घटनाएं ब्रह्मपुरी तालुका के बरडकिन्ही, मूल तालुका के उसराला और पोंभुर्णा तालुका के चेकठाणेवासना गांव में हुईं।
मृतकों की पहचान दीपक नारायण मडावी (35 वर्ष, निवासी उसराला, ता. मूल) और केशव डोनू गुडी (55 वर्ष, निवासी चेकठाणेवासना, ता. पोंभुर्णा) के रूप में हुई है।
*खेत से लौटते वक्त पति की मौत, पत्नी गंभीर*
जिले के नागभीड, ब्रह्मपुरी, मूल, पोंभुर्णा समेत कई इलाकों में गुरुवार दोपहर तेज बारिश हुई। मूल तालुका में दोपहर 2 बजे के करीब मूसलाधार बारिश शुरू हुई। उसराला गांव के चरवाहे दीपक मडावी बकरियां चराने खेत में गए थे, तभी उन पर बिजली गिरी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना पोंभुर्णा तालुका में हुई। चेकठाणेवासना में केशव डोनू गुडी (55) अपनी पत्नी वैशाली केशव गुडी (45) के साथ खेत का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। ऋषि आलम के खेत के पास अचानक उन पर बिजली गिर गई। केशव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी वैशाली गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले पोंभुर्णा के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन हालत नाजुक होने से चंद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
*मिर्ची की खेती कर रहे 8 लोग झुलसे*
तीसरी घटना ब्रह्मपुरी तालुका के बरडकिन्ही गांव में हुई। यहां जनाबाई मारुती तलमले के खेत में दोपहर करीब 2 बजे बिजली गिरने से 8 लोग घायल हो गए, जिनमें तलमले परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। बताया जा रहा है कि खेत में मिर्ची लगाने का काम चल रहा था, तभी तेज हवा के साथ बिजली कड़कने लगी और अचानक खेत में बिजली गिर गई।