योगी बोले-हामिद अंसारी ने हिंदू परंपरा को आतंकवाद से जोड़ा: उनका बयान सचमुच डरावना है; ‘झूठ की गूंज’ अराजकता फैला रही

सीएम योगी रविवार साढ़े तीन बजे ग्रेटर नोएडा में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम में शिरकत की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा में कहा, भारत के उपराष्ट्रपति रहे हामिद अंसारी ने कल एक दुर्भाग्यपूर्ण बयान दिया। उनके बयान भारत की परंपरा, संस्कृति के लिए सचमुच डरावने थे। उन्होंने भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया।
उन्होंने भारत की सनातन परंपरा की आलोचना करते हुए और भारत की हिंदू परंपरा का अपमान करते हुए बयान दिए, और इसे आतंकवाद से जोड़ने की भी कोशिश की।
भारत और भारत का संविधान यह उम्मीद करते हैं कि अहम संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति हमेशा ऐसे व्यवहार करे जो उस पद की गरिमा के अनुरूप हो। उनकी निजी राय अलग हो सकती है। लेकिन जब भारत की बात आती है, तो भारतीय संविधान की पवित्रता का पालन करते हुए भारत की एकता और अखंडता में सबसे बड़ा योगदान देना चाहिए।
सीएम योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा, कल कांग्रेस के 'युवराज' ने जैसा व्यवहार किया, वह सभी महिलाओं का अपमान था। अगर कोई बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग या हमसे उम्र में बड़ा व्यक्ति हो, तो हम उन्हें पहले जाने के लिए कहते हैं या सीट खाली होने पर उन्हें बैठने की जगह देते हैं। यही हमारी संस्कृति है। यही हमारे जीवन का आचरण है।
लेकिन जिन लोगों ने ये नियम नहीं सीखे, जिनमें ये संस्कार नहीं हैं, और जो भारत और भारतीयता का अपमान करने को ही अपने जीवन का एकमात्र लक्ष्य मानते हैं। उनसे 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना को समझने की उम्मीद करना बेकार है। मुझे लगता है कि देश को उनसे कोई भी उम्मीद करना छोड़ देना चाहिए।
योगी ने हामिद अंसारी और राहुल के कार्यक्रम का जिक्र क्यों किया.
क्योंकि हामिद अंसारी ने कहा था- भारत को असली खतरा हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता से था.
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा, भारत को असली खतरा कम्युनिज्म से नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता से था। उन्होंने यह बात शनिवार को नई दिल्ली में तीसरे एजी नूरानी मेमोरियल लेक्चर के दौरान कही थी.
अंसारी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के नाम पर ऐसे रुझान उभरे हैं, जो नागरिक राष्ट्रवाद की अवधारणा को चुनौती देते हैं। उनके मुताबिक, ये आस्था के आधार पर नागरिकों में भेदभाव, असहिष्णुता और असुरक्षा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इन रुझानों का कानूनी और राजनीतिक, दोनों स्तरों पर विरोध करने की जरूरत बताई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







