संतकबीर नगर:- मनरेगा, विकसित भारत-गारंटी एवं रोजगार तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत तकनीकी सहायकों ने मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। तकनीकी सहायकों ने खलीलाबाद के खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।ज्ञापन में तकनीकी सहायकों ने कहा कि वे लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों की निगरानी, तकनीकी जांच और मौके पर निरीक्षण के लिए उन्हें लगातार क्षेत्र भ्रमण करना पड़ता है। इसके बावजूद बढ़ती महंगाई के अनुरूप उनके मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई है।तकनीकी सहायकों का कहना है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान पेट्रोल सहित अन्य खर्च भी उन्हें अपने मानदेय से ही वहन करना पड़ता है।
इसमें प्रतिमाह औसतन करीब छह हजार रुपये तक खर्च होने का दावा किया गया है। ऐसे में उन्होंने आर्थिक बोझ को देखते हुए मानदेय में पर्याप्त बढ़ोतरी और यात्रा भत्ता दिए जाने की मांग उठाई है।ज्ञापन के माध्यम से तकनीकी सहायकों ने न्यूनतम 45 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने तथा इसके अतिरिक्त यात्रा भत्ता उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने शासन से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।तकनीकी सहायकों ने चेतावनी दी कि यदि 26 सितंबर 2026 तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो प्रदेशभर के तकनीकी सहायक 28 सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डन में धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।इस दौरान उदयभान शर्मा, आशीष पांडे, राधेश्याम, अमरनाथ यादव, अविनाश यादव, शिव मूरत शर्मा, राम लखन और राकेश चौधरी सहित अन्य तकनीकी सहायक मौजूद रहे।