आलनियावास में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शिविर आयोजित, 22 विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

भेरूंदा। जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को व्यापक स्तर तक पहुंचाने तथा विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 के तहत गिरदावर मुख्यालय आलनियावास में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे तथा ग्रामीणों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर प्रभारी सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक रहे।
राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार रामचन्द्र चौधरी एवं प्रेम कुमार ढेबाना, राजस्व निरीक्षक चैनाराम, ग्राम विकास अधिकारी नौरतमल, सुमन रॉयल, पटवारी शंकरलाल वर्मा, सूर्यप्रकाश एवं मनीष रिणवां सहित अन्य कार्मिकों ने सेवाएं दीं। ग्राम पंचायत की ओर से प्रशासक पुष्पादेवी एवं प्रशासक प्रतिनिधि ब्रह्मदेव शर्मा मौजूद रहे।
ग्रामीण विकास विभाग से पूजा किशनानी एवं छगनलाल सहित कनिष्ठ सहायकों ने कार्य किया। शिविर में स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक रामावतार चोयल, ऊर्जा विभाग के कनिष्ठ अभियंता सतपाल सिंह, परिवहन विभाग से राजेन्द्र चौधरी, बैंकिंग क्षेत्र से सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. जगमोहन मिश्रा ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर योजनाओं की जानकारी दी।
आयुर्वेद विभाग द्वारा विभिन्न बीमारियों से संबंधित दवाइयों का वितरण किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा ग्राम पंचायत की ओर से पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान करने का प्रयास किया। जनसेवा शिविर के आयोजन से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से काफी राहत मिली।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






