अयोध्या में नवरात्रि को लेकर पुलिस ने दुर्गा पूजा कमेटियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश।*

*अयोध्या में नवरात्रि को लेकर पुलिस ने दुर्गा पूजा कमेटियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश।*
अयोध्या।
नवरात्रि दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार शाम थाना कुमारगंज परिसर में पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पियूष के नेतृत्व में दुर्गा पूजा एवं रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। शाम करीब 5:30 बजे हुई बैठक में करीब 200 लोग मौजूद रहे। सीओ ने आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पियूष ने कहा कि नवरात्रि के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। पंडालों में लगाए गए पाइपों की टेपिंग कराने के साथ ही खुले विद्युत तारों पर भी टेप लगवाने को कहा, ताकि करंट फैलने की संभावना को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे बनाए गए पंडालों में विशेष सतर्कता बरती जाए और बच्चों का विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चे सड़क पर दौड़ते हुए न जाएं, इसके लिए कमेटी के सदस्य निगरानी रखें। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए गए।
सीओ ने आगजनी की स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक पंडाल में पानी, बालू और कंबल की व्यवस्था रखने को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट से बचने की अपील की। ऐसी किसी भी पोस्ट की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। आयोजकों से कम से कम पांच वॉलंटियर रखने को भी कहा गया।
विसर्जन के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग को लेकर भी निर्देश दिए गए। 85 डेसीबल से अधिक ध्वनि न करने और केवल दो साउंड का उपयोग करने को कहा गया। अश्लील एवं भड़काऊ गाने न बजाकर केवल भक्ति गीत बजाने के निर्देश दिए गए।
सीओ ने विसर्जन के दौरान नदी के आसपास सुरक्षा को लेकर कहा कि जिन लोगों को तैरना नहीं आता, वे नदी में न जाएं। केवल विसर्जन करने वाले लोग ही नदी के पास जाएं। किसी भी समस्या की स्थिति में हल्का प्रभारी, थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर अथवा एसपी ग्रामीण से संपर्क करने की बात कही गई।
बैठक में थाना अध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल, चौकी इंचार्ज देवगांव अशोक कुमार पाठक, चौकी इंचार्ज चिलबिली शैलेंद्र मणि त्रिपाठी, चौकी इंचार्ज वीसा का पुरवा राजेश गुप्ता सहित रामलीला एवं दुर्गा पूजा कमेटियों के अध्यक्ष और सदस्य मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







