रेवाड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: शराब के ठेकों पर लूटपाट व तोड़फोड़ करने वाले गिरोह के 02 आरोपी वारदात के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेवाड़ी पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना बावल क्षेत्र के अंतर्गत शराब के ठेकों पर हथियार दिखाकर लूटपाट, तोड़फोड़ व जान से मारने की धमकी देने के मामले का पर्दाफाश किया है। सीआईए धारूहेड़ा और थाना बावल पुलिस की संयुक्त टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल 02 शातिर आरोपियों को घटना के महज़ कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया है।
घटना का विवरण:
डीएसपी हेडक्वार्टर श्री संजीव बल्हारा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गत 07 अक्टूबर की शाम को समय करीब 05:00 बजे थाना बावल पुलिस को सूचना मिली थी की गांव पावटी, किशनपुर और नांगल उगरा स्थित शराब ठेकों पर दो गाड़ियों (टाटा हैरियर व स्विफ्ट) और दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब 8-10 युवकों ने लाठी, डंडों, लोहे की रोड और अवैध हथियारों से लैस होकर वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपियों ने तीनों ठेकों के सेल्समैनों को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया, ठेकों से बियर की पेटियां लूटीं, Paytm मशीन व अन्य सामान में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जिस पर पुलिस ने इन शराब ठेका ग्रुप के संचालक गांव अलावलपुर निवासी सुरेंद्र की शिकायत पर थाना बावल में मारपीट, लुट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
पुलिस की कार्रवाई व सफलता:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के निर्देशानुसार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए धारूहेड़ा व थाना बावल की टीमों का गठन कर नाकाबंदी शुरु की गई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी, तकनीकी सहायता व CCTV फुटेज के सूक्ष्म अवलोकन के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 02 आरोपी लोकेश निवासी सहमत नगर, जिला खैरथल-तिजारा राजस्थान व करण उर्फ डोगा निवासी गांव रानोली को वारदात के महज़ कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास:
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं:
करण उर्फ डोगा: इसके खिलाफ पहले भी थाना बावल में मारपीट का एक मामला दर्ज हैं।
लोकेश: इसके खिलाफ भी पहले राजस्थान के थाना तिजारा में चोरी का एक मामला दर्ज हैं।
आगामी कार्रवाई:
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त वाहनों, अवैध हथियारों व लूटे गए माल की बरामदगी करने तथा अन्य सह-आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की तफ्तीश जारी है और शेष बचे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रेवाड़ी पुलिस आमजन को विश्वास दिलाती है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






