सिंचाई खंड की बैठक में उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह बिश्नोई ने की कार्यों की समीक्षा

सिंचाई खंड मुरादाबाद की मासिक बैठक मंगलवार को मंडल कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में हुई। बैठक की अध्यक्षता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह बिश्नोई ने की, जबकि संचालन प्रमोद कुमार ने किया। बैठक में नहरों की सफाई, नलकूपों की स्थिति, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और बाढ़ से क्षतिग्रस्त कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में पुराने कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। 78 एजी नलकूप पर पाइपलाइन उपलब्ध नहीं होने के कारण काम पूरा नहीं हो सका है। अब इस नलकूप पर दक्षिण दिशा में 300 मीटर पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसका कुलावा ओमवीर सिंह के खेत में लगाया जाएगा, जिसकी संस्तुति कर दी गई है। नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य अगले सप्ताह शुरू कर 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सिल्ट सफाई निर्धारित मानकों के अनुसार कराई जाए। मानकों के विपरीत काम मिलने पर संबंधित कार्य का भुगतान रोक दिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में सभी नहरें बंद हैं। रोस्टर के अनुसार एक दिसंबर से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस समय चार नलकूप यांत्रिक और नौ नलकूप विद्युत दोष के कारण बंद हैं। इनमें से आठ नलकूपों को एक सप्ताह के भीतर ठीक करने का लक्ष्य है, जबकि पांच नलकूप रास्तों में पानी भरा होने के कारण करीब 15 दिन बाद सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे। भोजपुर क्षेत्र की शाहपुर माइनर पर किसानों की दोबारा मांग के बाद पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। नई योजना आने के बाद इसका निर्माण कराया जाएगा। नियमानुसार दो पुलों के बीच की दूरी कम से कम एक किलोमीटर होना आवश्यक है। बैठक में बताया गया कि सरकार की ओर से वर्ष 2012 से किसानों को निशुल्क सिंचाई की सुविधा दी जा रही है। ऐसे में किसानों पर सिंचाई का कोई बकाया नहीं है। वर्तमान में नलकूपों के लिए 10 घंटे, ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे और नगरीय व तहसील क्षेत्रों में साढ़े 21 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। वर्षा ऋतु में बाढ़ से हुए नुकसान की मरम्मत धनराशि आवंटित होते ही कराई जाएगी।
इस अवसर पर बैठक में अधिशासी अभियंता नलकूप खंड द्वितीय श्रद्धा भट्ट, अपर जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, सिंचाई खंड के अभियंता कुलदीप कुमार, जेई वीरेंद्र कुमार, धामपुर के अभियंता राणा मनोरविंद सिंह व मलखान सिंह, राहुल सिंह, मदनपाल सिंह, जेई सुशील यादव, अमीरुल हसन और अनिल कुमार, बाढ़ खंड की जेई कौशल्या रानी तथा लघु सिंचाई विभाग मुरादाबाद के मनीष कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






