कांठ में भाकियू अराजनैतिक ने पंचायत कर उठाए किसानों के मुद्दे, सौंपा ज्ञापन

कांठ नगर स्थित उपमंडी समिति में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की पंचायत आयोजित की गई। इसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर किसानों ने नाराजगी जताई। पंचायत में पहुंचे कांठ के उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू ने किसानों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

किसानों द्वारा ज्ञापन में मांग की गई कि दीवान, स्योहारा और त्रिवेणी चीनी मिलों के प्रबंधक पेराई सत्र शुरू करने की तारीख निर्धारित करें, ताकि किसान गन्ना आपूर्ति की तैयारी कर सकें। इसके साथ ही गन्ना विभाग के ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक और गन्ना समिति कांठ के सचिव से वर्ष 1996 से 2026 तक गन्ना भुगतान में हुई देरी पर नियमानुसार ब्याज दिलाने की मांग की गई। किसानों ने कांठ और अगवानपुर क्षेत्र में बिजली मीटरों की रीडिंग से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग भी उठाई। वन विभाग से तहसील कांठ की प्रत्येक ग्राम पंचायत में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने, जल निगम की ओर से टंकियों से पानी निकलने के कारण खराब हो रहे रास्तों की मरम्मत कराने तथा त्योहारों के दौरान मिलावटी दूध और घी की बिक्री रोकने के लिए खाद्य विभाग से छापेमारी कराने की मांग की गई। पंचायत के दौरान किसानों ने संबंधित विभागों से समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के निस्तारण की उम्मीद जताई।

पंचायत में भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह रंधावा, तहसील अध्यक्ष समरपाल सिंह, प्रदीप छिल्लर, दिनेश कुमार, कुशपाल सिंह, विरेंद्र सिंह, सतीश बिश्नोई, संजीव सिंह, शिवानी चौधरी, रीना चौधरी, सोमपाल सिंह, रिजवाल सिंह, हीरा सिंह, सुमित, भीम सिंह, विपिन कुमार, सुदेश सिंह आदि बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान रहे।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






