रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पैरोल पर आए आदतन अपराधी की स्कॉर्पियो से मिला एक रिवाल्वर व 6 कारतूस, पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित हथियार लाइसेंसधारक को भी किया गिरफ्तार – एक 32 बोर

रेवाड़ी (सुरेश सिहाग)
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शहर रेवाड़ी पुलिस ने गत 28 सितंबर की रात को पैरोल पर आए एक आदतन शातिर अपराधी की गाड़ी से रिवाल्वर और जिंदा कारतूस बरामद करने के बाद मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुनील निवासी धारूहेड़ा चुंगी रेवाड़ी व भीमसिंह निवासी गांव बालियर कलां के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा अन्य संदिग्ध दो आरोपियों को पहले ही नियमानुसार 172 BNSS के तहत बाउंड किया जा चूका है।
क्या है पूरी वारदात का घटनाक्रम:
जांचकर्ता ने बताया की गत 28 सितंबर की रात्रि को करीब 10:00 बजे थाना शहर पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि धारूहेड़ा चुंगी रेवाड़ी निवासी सुनील, जो कि एक अपराधी किस्म का व्यक्ति है और इन दिनों पैरोल की छुट्टी पर आया हुआ है, वह धारूहेड़ा चुंगी के पास एक निर्माणाधीन मकान में कुछ संदिग्ध साथियों के साथ मौजूद है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही सीआईए रेवाड़ी व थाना शहर पुलिस की संयुक्त टीमें तुरंत मौके पर पहुँची। निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी कर जांच की गई, जहाँ सुनील के साथ अन्य संदिग्ध व्यक्ति मौजूद मिले।
स्कॉर्पियो की गहन तलाशी में मिला अवैध रिवाल्वर और कारतूस:
पुलिस द्वारा मौके पर बाहर सड़क पर खड़ी दो गाड़ियों—वेंटो और स्कॉर्पियो—के बारे में पूछताछ की गई। स्कॉर्पियो गाड़ी सुनील की तथा वेंटो विकास की बताई गई। इन दोनों गाड़ीयो की तलाशी की कार्रवाई के वक्त शातिर आरोपी सुनील गाड़ी की चाबी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने सुमित निवासी आबू मोहल्ला जिला भिवानी व विकास निवासी गांव जमालपुर जिला गुरुग्राम की उपस्थिति में आरोपी सुनील की स्कॉर्पियो गाड़ी की गहनता से तलाशी ली तो गाड़ी की पिछली सीट के नीचे बिछे मैट के नीचे से एक सफेद पॉलिथीन में एक रिवाल्वर और एक आर्म्स लाइसेंस बरामद हुआ। रिवाल्वर को सावधानीपूर्वक चेक करने पर उसके अंदर 06 जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस ने आरोपी सुमित और विकास को शक के बिनाह पर पूछताछ के लिए साथ लिया तथा दोनों गाड़ियों को थाना शहर रेवाड़ी में लाकर सुरक्षित खड़ा करवा दिया। पुलिस द्वारा आरोपी सुमित व विकास को नियमानुसार 172 BNSS के तहत बाउंड किया गया।
लाइसेंस धारक की संलिप्तता का खुलासा:
जांच में सामने आया कि बरामद आर्म्स लाइसेंस भीम सिंह निवासी गांव बालियर कलां के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरोपी सुनील ने गैरकानूनी रूप से किसी दूसरे का लाइसेंसी हथियार अपने कब्जे में रखा हुआ था, और लाइसेंसधारक भीम सिंह ने अपना हथियार खुद सुनील को मुहैया कराया था। इस प्रकार दोनों ने मिलकर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत जुर्म किया था। जिस पर थाना शहर रेवाड़ी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई थी।
पुलिस का शिकंजा और रिमांड:
जो इस मामले में थाना शहर पुलिस ने शुक्रवार को मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी सुनील को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही, हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपी भीम सिंह को भी नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील को माननीय अदालत के समक्ष पेश कर पूछताछ के लिए 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से इस आपराधिक षड्यंत्र में शामिल अन्य चेहरों और वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। रेवाड़ी पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







