बेगूं में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, स्कूली बच्चों ने लोकनृत्य और गीतों से मोहा मन छापरा स्कूल के सामने ओपन जिम पार्क में सजी रंगारंग प्रस्तुतियां, देशभक्ति कविता ने भरा जोश

रिपोर्टर : दुर्गालाल बोहरा
बेगूं। नगरपालिका द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन छापरा स्कूल के सामने स्थित ओपन जिम पार्क में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। स्थानीय विद्यालयों के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। गणेश वंदना, स्वागत नृत्य, राजस्थानी लोकनृत्य, सामूहिक नृत्य और एकल गायन की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे पांडाल में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत बाल विहार विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। फर्स्ट स्टेप स्कूल और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने 'कालियो गयो', 'म्हारो राजस्थान' सहित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। आराध्या पुरोहित के एकल नृत्य और आर्यम जैन की एकल प्रस्तुति को भी सराहना मिली।
कार्यक्रम में राजस्थानी लोक संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। पी.एम. श्री बालिका विद्यालय के छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी नृत्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हरिपुरा की प्रिया धाकड़ का एकल नृत्य तथा छापरा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक घूमर नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
इसी क्रम में दीप ज्योति स्कूल के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से 'शिव तांडव' की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, वहीं संस्कार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने 'मां काली' पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों में उत्साह भर दिया। बस स्टैंड स्कूल के विद्यार्थियों ने 'मैंने तेरे ही भरोसे' गीत पर प्रस्तुति दी। पुरोहित किड्स सहित अन्य विद्यालयों के बच्चों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अंकुश कुमार कंवर ने अपनी देशभक्ति कविता के माध्यम से पूरे पांडाल में जोश और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना दिया। वहीं मुकुंद सुनील परिहार ने भी शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की। बच्चों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस सांस्कृतिक संध्या ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करने के साथ ही लोक संस्कृति, परंपराओं और देशभक्ति की भावना को भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में शामिल विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और अभ्यास से सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन किया।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष गरिमा कुलदीप शर्मा, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र आंचलिया, तेजमल बोहरा, सतीश अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष विदुषी जयदीप बिल्लू, महामंत्री राकेश गुर्जी, कुलदीप डिडवानिया, तहसीलदार गोपाल जीनगर सहित नगरपालिका के वर्तमान एवं पूर्व पार्षद उपस्थित रहे। इसके अलावा नगरपालिका स्टाफ, चिकित्सा विभाग के कर्मचारी, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी, पत्रकार, नगर के गणमान्य नागरिक, महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन आशुतोष भट्ट एवं युवा पार्षद रिदम जोशी ने किया। आयोजन में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहा। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या ने बेगूं में उत्सव का माहौल बना दिया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






