हरियाणा पुलिस में होगी 28 हजार नई भर्तियां, DGP अजय सिंघल का बड़ा ऐलान

Sandeep Sharma District Reporter Kurukshetra Haryana
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा है कि हरियाणा पुलिस को जहां आधुनिक सुविधाओं से लैस करके अपग्रेड किया जा रहा है वहीं वर्ष 2030 तक चरणबद्ध तरीके से पुलिस में 28 हजार जवानों की भर्ती की जाएगी। बुधवार को पुलिस शहीदी दिवस के अवसर पर डीजीपी ने बताया कि पुलिस बल में रिक्त पदों को भरने के लिए मार्च 2027 तक लगभग 15 हज़ार पदों पर भर्ती करने तथा वर्ष 2028 से 2030 के बीच लगभग 13 हज़ार पदों पर भर्ती की योजना है।
इस दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा पुलिस के आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे के विकास, नई भर्तियों और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस के बुनियादी ढांचे और आधुनिकीकरण के लिए 658 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवाई गई है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए एच4सी के 204 नए पदों को मंजूरी मिल चुकी है।
बहुत जल्द इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) का गठन तथा पुलिस बल में नई भर्तियां प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
इसके अतिरिक्त हाल ही में माता मनसा देवी मंदिर, पंचकूला में प्रदेश की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू होने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को मजबूती मिली है। भविष्य में इसका भी विस्तार किया जाएगा
डीजीपी ने बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में प्रदेश में कुल अपराधों में 9.35 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
जनवरी 2026 में लगभग 13 हज़ार साइबर शिकायतों की तुलना में सितंबर में यह संख्या घटकर लगभग 11 हज़ार रह गई। इस प्रकार शिकायतों में लगभग 17 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
जनवरी से सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के लगभग 4 हज़ार मामले दर्ज कर लगभग 6 हज़ार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस अवधि में साइबर ठगी से संबंधित करीब 40 प्रतिशत राशि को होल्ड या रिकवर कराया गया।
उन्होंने बताया कि वर्ष -2021 में शुरू हुई डायल-112 सेवा के माध्यम से अब तक लगभग 75 लाख नागरिकों को सहायता दी गई है। डीजीपी ने कहा कि वर्ष 2025-26 में लगभग 238 करोड़ रुपये की लागत से आठ पुलिस थानों, तीन चौकियों, 313 आवासीय इकाइयों सहित विभिन्न विकास कार्य पूरे किए गए हैं।
मार्च 2027 तक 1,043 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य है, जबकि वर्ष 2030-31 तक पुलिस बुनियादी ढांचे पर 4,430 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक पुलिस आवासों की संख्या लगभग 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार करने का लक्ष्य रखा गया है।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर शिकंजा, 28 को विदेश से डिपोर्ट
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ भी हरियाणा पुलिस एवं एसटीएफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। वर्ष 2019 से अब तक 28 गैंगस्टरों को विदेश से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित कराया जा चुका है, जबकि 14 अन्य विदेश में हिरासत में हैं और उनकी कानूनी प्रक्रिया जारी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




