आगर-मालवा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना और एसडीएम कमल मंडलोई के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त दल ने कानड़ क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
*तीन प्रतिष्ठानों से लिए मिठाइयों के नमूने*
संयुक्त जांच दल ने निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तीन प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र किए। इनमें इंडियन होटल से मावा बर्फी, महाकाल रेस्टोरेंट से मावा कतली और साईं मिष्ठान भंडार से मावा रोल का नमूना लिया गया।
*भोपाल की प्रयोगशाला में होगी जांच*
खाद्य पदार्थों के सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण उनकी गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नमूने लिए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार भागीरथ चौहान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी.एस. जामोद, सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बैरागी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।