सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर आज जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति, प्रगति एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ करना आवश्यक है।
इसलिए सभी पदाधिकारी 30 नवम्बर तक निश्चित रूप से कार्य को पूर्ण करें। बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं किया जाएगा तथा सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दायित्वों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के तहत लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार लाया जाए। उन्होंने कार्यों के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।