सिंगरौली: जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर ने सुनीं 235 आवेदकों की समस्याएं।

सिंगरौली: जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर ने सुनीं 235 आवेदकों की समस्याएं।
प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश।
सिंगरौली: कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 235 आवेदन प्राप्त हुए। प्रभारी कलेक्टर ने आवेदकों से उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित आवेदकों को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर श्री सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




