किसानों की महापंचायत में गरजे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत

मुरादाबाद की नगर पंचायत अगवानपुर में कांवड़ पथ बाईपास रोड स्थित कर्बला मैदान में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की महापंचायत आयोजित की गई। इसमें संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सरकार से उनके समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी।

महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनपद मुरादाबाद में भूमि अधिग्रहण से पहले सर्किल रेट बढ़ाकर बाजार मूल्य के बराबर किया जाए, ताकि किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने मुरादाबाद में रिंग रोड के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण पर भी सवाल उठाए। टिकैत ने आरोप लगाया कि भूमि अधिग्रहण निर्धारित स्थान के अनुरूप नहीं किया गया है और सड़क निर्माण के दौरान एलाइनमेंट में भी गड़बड़ी हुई है। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

महापंचायत में धान खरीद का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। राकेश टिकैत ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज की तौल नहीं हो पा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से किसानों का धान तौलवाकर खरीद प्रक्रिया सुचारु कराने की मांग की। इसके अलावा जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा जल्द दिलाने और मुरादाबाद में एम्स अस्पताल का निर्माण कराने की मांग भी की गई। राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। इस दौरान इन सभी मांगों और समस्याओं को लेकर किसानों ने एक ज्ञापन भी अधिकारियों को दिया। कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में बड़े आंदोलन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव डॉ. नौ सिंह, पश्चिमी यूपी अध्यक्ष विजेंद्र सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष मनोज चौधरी, मंडल प्रवक्ता गौरव तोमर, जिलाध्यक्ष धनेंद्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, पूर्व प्रधान शादाब चौधरी, मोबीन खां, बब्बू ठेकेदार, पुत्तन खां, इब्राहिम अहमद, राधेश्याम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Report: Pankaj Kumar, Kanth
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







