पर्स चुराने वाला ऑटो चालक 12 दिन बाद पकड़ाया:पीछे लगी स्टाइलिश स्टेपनी बनी बड़ा सुराग, इंदौर में पहले भी दो वारदात कर चुका |

जिला रिपोर्टर – डॉ अनिल दुबे
इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में महिला का जेवरों और नकदी से भरा पर्स चुराने वाला ऑटो चालक 12 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा। आरोपी ने मदद के बहाने महिला की बेटी का बैग अपने पास रखवाया और उसमें से जेवरों से भरा छोटा पर्स चुरा लिया था।
ऑटो का नंबर नहीं होने से पुलिस को उसकी तलाश में परेशानी हो रही थी। इस बीच पीड़िता ने ऑटो के पीछे लगी स्टाइलिश स्टेपनी की जानकारी दी। यही पहचान पुलिस के लिए बड़ा सुराग बनी और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। आरोपी पहले भी इसी तरह की दो वारदात कर चुका है।
देवास में जनरल स्टोर चलाती है पीड़िता
टीआई मनीष लोधा ने बताया कि ममता राठौर निवासी व्यास किराना के सामने ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संध्या देवास में जनरल स्टोर चलाती है। 21 अक्टूबर की शाम वे बेटी के साथ देवगुराड़िया जा रही थीं। पिपल्याहाना के पास उन्होंने एक ऑटो रोका। चालक ने कहा कि उसकी ऑनलाइन बुकिंग है और दूसरी सवारी आने वाली है। साथ चलना है तो आगे बैठना पड़ेगा।
संध्या के पास एक हैंडबैग था, जिसमें तीन छोटे पर्स रखे थे। ऑटो चालक ने मदद के बहाने बैग लेकर अपने पास पैर की तरफ रख लिया। कुछ दूर जाने के बाद मां-बेटी ऑटो से उतर गईं और दूसरे ऑटो से देवगुराड़िया पहुंचीं। वहां संध्या ने बैग देखा तो एक पर्स गायब था। उसमें सोने का मंगलसूत्र, चेन, नाक की नथ, पेंडल और चांदी की चेन रखी थी।
स्टेपनी देखकर पुलिस ने तलाशे सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने ऑटो की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किए। इस दौरान पीड़िता ने बताया कि ऑटो के पीछे स्टाइलिश स्टेपनी लगी थी, जो सामान्य ऑटो में नहीं होती। ऑटो का नंबर नहीं होने के कारण पुलिस ने इसी पहचान को आधार बनाया। फुटेज में ऐसी स्टेपनी वाला ऑटो दिखाई दिया। पुलिस ने दूसरे ऑटो चालकों को फुटेज दिखाए तो पता चला कि ऐसा ऑटो सोनू पुत्र बालकिशन लोगारे निवासी गोमा की फेल के पास है।
पुलिस ने फोटो दिखाया, जिसे पीड़िता ने पहचाना
पुलिस सोनू तक पहुंची तो उसने पहले वारदात से इनकार किया। इसके बाद उसका फोटो पीड़िता को दिखाया गया। संध्या ने उसे ऑटो चालक के रूप में पहचान लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए।
पीथमपुर और सराफा में भी कर चुका वारदात
पुलिस के मुताबिक, सोनू पहले भी इसी तरह की दो वारदात कर चुका है। उसने पीथमपुर और सराफा क्षेत्र में भी महिलाओं को निशाना बनाया था। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







