गया विद्युत अंचल कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया SBPDCL का 14वा स्थापना दिवस l

*गया विद्युत अंचल कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया SBPDCL का 14वाँ स्थापना दिवस*
गया, 01 नवंबर 2026, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) का 14वाँ स्थापना दिवस गया विद्युत अंचल कार्यालय में हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने कंपनी की 14 वर्षों की उपलब्धियों, विद्युत वितरण व्यवस्था में हुए सुधारों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में विद्युत अधीक्षण अभियंता (आपूर्ति), विद्युत अधीक्षण अभियंता (CGRF), विद्युत अधीक्षण अभियंता (सिविल), कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल मानपुर, गया ग्रामीण, गया शहरी एवं शेरघाटी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने बताया कि SBPDCL ने पिछले 14 वर्षों में विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। कंपनी का देश के A+ ग्रेड डिस्कॉम में शामिल होना इसकी बेहतर कार्यप्रणाली, प्रबंधन क्षमता एवं उपलब्धियों को दर्शाता है। वर्तमान में उपभोक्ताओं को लगभग 23 से 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, तकनीकी एवं प्रबंधन संबंधी सुधारों के फलस्वरूप खराब ट्रांसफॉर्मर को मात्र दो घंटे के भीतर बदलने की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में हाइड्रोलिक वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे ट्रांसफॉर्मर बदलने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल एवं त्वरित हुई है।
अधिकारियों ने पितृपक्ष मेला के दौरान निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों के योगदान की विशेष सराहना की। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में और सुधार लाने के लिए प्रत्येक 11 केवी फीडर पर व्यवधानों को न्यूनतम करने तथा अनावश्यक शटडाउन पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर जोर दिया।
विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी एवं त्वरित समाधान के उद्देश्य से ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता तथा 11 केवी फीडरों में व्यवधान से संबंधित डैशबोर्ड विकसित किए गए हैं। इनके माध्यम से संबंधित पदाधिकारी वास्तविक समय (Real Time) में विद्युत व्यवस्था की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर सकते हैं।
समारोह में बताया गया कि बिलिंग दक्षता में व्यापक सुधार हुआ है तथा AT&C लॉस में भी कमी आई है। विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के माध्यम से पुराने एवं जर्जर विद्युत तारों की री-कंडक्टरिंग, नए ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना तथा विद्युत आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इन प्रयासों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार आया है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा एवं चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के क्रियान्वयन में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है तथा इसकी प्रगति के मामले में शीर्ष पांच राज्यों में स्थान रखता है। गया जिले में अब तक लगभग 5,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 30 प्रतिशत आवेदनों के विरुद्ध सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है।
योजना को जन-जन तक पहुंचाने एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभागीय पदाधिकारियों, कर्मियों, विद्युत विभाग से जुड़े मानवबल एवं संवेदकों के आवासों पर भी सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि विभाग से जुड़े सभी लोग स्वयं इस योजना को अपनाकर उदाहरण प्रस्तुत करें, ताकि आम उपभोक्ता भी सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक एवं प्रेरित हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तत्परता एवं कार्यकुशलता के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का समापन उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत सेवा उपलब्ध कराने, विद्युत वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा SBPDCL को उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







