जरूरतमंद बच्चों और सफाईकर्मियों के साथ सपनों की उड़ान संस्था ने मनाई दीपावली, बांटी खुशियां

रांची। दीपावली के पावन अवसर पर सामाजिक संस्था ‘सपनों की उड़ान’ एवं छात्र क्लब ग्रुप की ओर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जगन्नाथपुर मंदिर के निकट जरूरतमंद परिवारों के बच्चों और स्थानीय सफाईकर्मियों के साथ दीपावली उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों के बीच मिट्टी के दीये, रुई की बत्ती, करंज तेल, फुलझड़ी और मिठाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच त्योहार की खुशियां बांटना और आपसी प्रेम एवं सौहार्द को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपनों की उड़ान संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने में है। जब हम जरूरतमंद बच्चों और दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाईकर्मियों के साथ खुशियां साझा करते हैं, तभी रोशनी का यह पर्व सार्थक होता है।
विशिष्ट अतिथि लायंस क्लब ऑफ रांची दृष्टि के एलसीआईएफ कॉर्डिनेटर सह लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एमजेएफ लायन राजेश केडिया ने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश केवल अपने घरों को रोशन करना नहीं, बल्कि अभाव में जीवन बिता रहे लोगों के चेहरों पर भी खुशियों की रोशनी बिखेरना है। जरूरतमंद बच्चों और सफाईकर्मियों के साथ खुशियां बांटने से जो संतोष मिलता है, वही सच्ची दीपावली है। उन्होंने समाज के हर व्यक्ति से यह संकल्प लेने की अपील की कि कोई भी व्यक्ति उपेक्षित और खुशियों से वंचित न रहे।
छात्र क्लब चिकित्सक मंच के वरीय संरक्षक एवं विश्व प्रसिद्ध एक्यूपंक्चर विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र कुमार हाजरा ने कहा कि स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति सजग रहकर त्योहार मनाना आज के समय की बड़ी जरूरत है। पारंपरिक मिट्टी के दीयों और करंज तेल का उपयोग पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है। उन्होंने बच्चों एवं बड़ों से सुरक्षित, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने की अपील की।
वहीं, रांची मोटर डीलर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ललित कुमार चौधरी ने कहा कि इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करते हैं।
छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा ने दीपावली के दौरान सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक त्योहार मनाने के लिए लोगों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र क्लब ग्रुप के वरीय संरक्षक कुमार राजीव रंजन, जोगिंदर उरांव, शुभम चौधरी, सुजीत कुमार, किशन अग्रवाल, डॉ. आरएन प्रसाद, मानवाधिकार मिशन रामगढ़ के जिला अध्यक्ष रूपेश कुमार गुप्ता, छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक संतोष कुमार श्रेयांस तथा सपनों की उड़ान संस्था के निर्भय कुमार, श्यामजीत गुप्ता, आर्यन कुमार, गुरविंदर कौर, अंजना प्रियदर्शिनी, शालिनी कुमारी, सुषमा पांडेय, किरण वर्मा, निशा कुमारी, प्रिया कुमारी, पूजा शर्मा, नमिता देवी, सीमा मिश्रा, मनीषा देवी, वेदा देवी एवं डिजी देवी सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब समाज के हर वर्ग तक खुशियां और अपनापन पहुंचे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






