बेगूसराय: दीपावली को देखते हुए बरौनी रिफाइनरी की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। रिफाइनरी परिसर और उसकी चहारदीवारी के चारों ओर 500 मीटर की परिधि में पटाखे फोड़ने और किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
रिपोर्टर साहिल राज आगाज टाइम
सदर एसडीओ अश्विनी कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत यह निषेधाज्ञा लागू की है। यह आदेश 7 नवंबर 2026 से 11 नवंबर की रात तक प्रभावी रहेगा। विशेष रूप से 8 नवंबर को दीपावली के दिन प्रतिबंध का पालन करना अनिवार्य होगा।
रिफाइनरी के उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) शिव शंकर सिंह ने प्रशासन को पत्र देकर इस संबंध में अनुरोध किया था। उन्होंने आशंका जताई थी कि पटाखों से आग लगने या विस्फोट जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
बरौनी रिफाइनरी में पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन, भंडारण और आपूर्ति होती है। ऐसे संवेदनशील औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने बरौनी सीओ, रिफाइनरी थानाध्यक्ष और सदर-2 के एसडीपीओ समेत संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन कराने और निगरानी रखने का निर्देश दिया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।