सड़क हादसे में घायल सीआरपीएफ जवान की दिल्ली एम्स में मौत, भवनाथपुर में पसरा मातम

भवनाथपुर (गढ़वा)। सड़क दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। भवनाथपुर-श्री बंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमाइलवा विद्युत सब-स्टेशन के समीप सोमवार को दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता (34) की बुधवार को दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। जवान के निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक आवास कर्पूरी चौक सहित पूरे भवनाथपुर क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
ओमप्रकाश गुप्ता भवनाथपुर निवासी विश्वनाथ गुप्ता के सबसे छोटे पुत्र थे। वह दिल्ली में वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात थे और मुख्यमंत्री की स्कॉर्ट ड्यूटी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दीपावली से दो दिन पहले ही वह छुट्टी पर अपने घर पहुंचे थे। सोमवार को किसी निजी काम से बाइक लेकर श्री बंशीधर नगर गए थे। लौटने के क्रम में छहमाइलवा विद्युत सब-स्टेशन के पास विपरीत दिशा से आ रही बूका गांव निवासी विकास रावत की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ओमप्रकाश को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर के नारायणी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर वरीय अधिकारियों के पहल पर मंगलवार दोपहर एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स भेजा गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ओमप्रकाश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी महज तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उनका दो साल का एक बेटा है, जिसने अभी ठीक से दुनिया को समझना भी शुरू नहीं किया था कि उसके सिर से पिता का साया उठ गया। पिता विश्वनाथ गुप्ता सेल (SAIL) से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। जवान की मौत से पत्नी, बच्चे और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पैतृक आवास लाया जाएगा शव
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एयर एंबुलेंस से ओमप्रकाश का पार्थिव शरीर रांची लाया जाएगा। वहां सीआरपीएफ कैंप में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को भवनाथपुर स्थित उनके पैतृक आवास लाए जाने की संभावना है। जवान के अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है।
ओमप्रकाश के निधन से भवनाथपुर ने अपना एक जवान बेटा खो दिया है। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







