हरिद्वार में गौसेवा और संरक्षण को मिला नया आयाम, मुख्यमंत्री धामी ने आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का किया भव्य लोकार्पण

हरिद्वार में गौसेवा और संरक्षण को मिला नया आयाम, मुख्यमंत्री धामी ने आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का किया भव्य लोकार्पण
मुख्यमंत्री बोले– गौसेवा हमारी आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग, गौसंरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
कामधेनुलोक बनेगा गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन का अनुकरणीय मॉडल
हरिद्वार, 12 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार में गौसेवा एवं गोवंश संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जैविक खाद के उत्पादन और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को भी मजबूत किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा एवं संरक्षण किया जा रहा है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन आश्रय एवं देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा गौसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। इसके साथ ही गोवंश के लिए चिकित्सा, चारा और पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जा रही है। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, ताकि गांवों के स्तर पर भी गौसेवा और संरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण आज के समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। इसके लिए केवल गौशालाओं का निर्माण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी आवश्यक है। इससे गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें जनसहभागिता बेहद जरूरी है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आगामी वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन को भी मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े सभी संतों, सेवकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अनेक संत-महात्मा एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर दास जी महाराज, स्वामी संजय महंत, नगर निगम हरिद्वार की महापौर किरण जैसल, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री नितिन गौतम, आदेश सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, अजीत चौधरी, श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, भाजपा नेता लव शर्मा, आशु चौधरी, विक्रम भुल्लर एवं उज्ज्वल पंडित सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







