जिले की सभी ग्रामीण, शहरी एवं राष्ट्रीय राजमार्गो की सड़को का नियमित रख रखाव एवं समयबद्ध मरम्मती सुनिश्चित करें -जिला पदाधिकारी

*सड़कों एवं डायवर्सन के समीप रेडियम युक्त साइनेज, पर्याप्त रोशनी तथा निर्माणाधीन पुल-पुलियों के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश।*
गया, 14 नवंबर 2026, जिले में ग्रामीण सड़कों के साथ-साथ शहरी सड़कों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के बेहतर रखरखाव, समयबद्ध मरम्मती, आवश्यक साइनेज, रेडियम युक्त सूचना पट्ट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा निर्माणाधीन पुल-पुलियों एवं डायवर्सन के समीप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में संबंधित सड़क निर्माण एवं रखरखाव विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले की सभी ग्रामीण एवं शहरी सड़कों का भौतिक निरीक्षण कराने के लिए कमेटी गठित की गई थी। कमेटी द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान जिन सड़कों को जर्जर, खराब अथवा मरम्मती योग्य पाया गया था, उन सभी सड़कों की मरम्मती संबंधित विभागों द्वारा कराई गई है। उन्होंने संबंधित विभागों से पूर्व में किए गए निरीक्षण का विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जांच के दौरान कौन-कौन सी सड़कें खराब पाई गई थीं तथा उनके मरम्मती कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मरम्मत कराई गई सभी सड़कों की पुनः भौतिक जांच जिला प्रशासन के पदाधिकारियों से कराई जाएगी। इसके माध्यम से मरम्मती कार्य की गुणवत्ता एवं वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा, ताकि जिले की सभी सड़कें आवागमन के लिए पूरी तरह दुरुस्त एवं सुरक्षित बनी रहें।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सड़कों पर स्थित डायवर्सन, पुल-पुलियों एवं कलवर्ट के समीप पर्याप्त संख्या में रेडियम युक्त साइनेज लगाए जाएं। साइनेज इस प्रकार लगाए जाएं कि रात्रि के समय भी वाहन चालकों एवं राहगीरों को सड़क की स्थिति, डायवर्सन एवं संभावित खतरों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। इसके साथ ही इन स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने निर्माणाधीन डायवर्सन, कलवर्ट एवं पुल-पुलियों के समीप सुरक्षा के दृष्टिकोण से मजबूत एवं पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों, कलवर्ट एवं डायवर्सन के आसपास ग्रीन शीट लगाकर कार्य कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्य के दौरान राहगीरों एवं वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी नहीं हो तथा यातायात सुरक्षित एवं सुचारू बना रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने एयरपोर्ट से दो मोहान बोधगया जाने वाले मार्ग के समीप निर्माणाधीन सड़क पर बने गड्ढों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के अंदर सभी गड्ढों को समतल कराकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा एवं आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सड़कों के रखरखाव, मरम्मती एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गंभीरता से और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






