Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Gaya

अंतरराष्ट्रीय फलक पर गया-बोधगया का कायाकल्प या फाइलों में सिमटा प्रशासनिक संकल्प?

20 Nov 2026, 01:54 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
अंतरराष्ट्रीय फलक पर गया-बोधगया का कायाकल्प या फाइलों में सिमटा प्रशासनिक संकल्प? - गया, बिहार

​लेखक : विजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार
20 नवम्बर 2026,
गयाजी : ​“हुकूमत की मेजों पर नक्शे बड़े हसीन बनते हैं,
मगर शहर संवरते हैं जब अफ़सर ज़मीन पर उतरते हैं।”
​गया और बोधगया—एक ओर मोक्ष की सनातन भूमि फल्गु का पावन तट, तो दूसरी ओर तथागत बुद्ध की ज्ञान और शांति की वैश्विक स्थली।
जहां हर साल देश-दुनिया के लाखों श्रद्धालु और विदेशी पर्यटक अपनी आस्था और जिज्ञासा लेकर पहुंचते हैं, वहां की सड़कों पर बेतरतीब कचरे के ढेर, सींग ताने खड़े आवारा मवेशी, अतिक्रमण की जकड़न में कराहते चौराहे और बदबूदार सार्वजनिक शौचालय इस ऐतिहासिक शहर की छवि पर वर्षों से कालिख पोतते रहे हैं।

​19 नवंबर को समाहरणालय के सभागार में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर द्वारा नगर निगम, बोधगया नगर परिषद और अन्य लाइन विभागों के साथ की गई मैराथन समीक्षा बैठक ने एक बार फिर इस गंभीर मर्ज पर प्रशासनिक नश्तर लगाने की कोशिश की है।

​1. सात दिन का अल्टीमेटम:
खटाल माफिया और मवेशी पालकों पर सीधा प्रहार,
​शहर की मुख्य धमनियों—जेल रोड, पुलिस लाइन, गांधी मैदान, मिर्जा गालिब कॉलेज, एयरपोर्ट मार्ग और क्रेन स्कूल जैसे व्यस्ततम इलाकों में आवारा मवेशियों का जमघट आम जनजीवन के लिए रोज़मर्रा का ख़तरा बन चुका है।
पशुपालक दूध दुहने के बाद गाय-भैंसों को सड़कों पर लावारिस छोड़ देते हैं, जो न सिर्फ भीषण सड़क दुर्घटनाओं का सबब बनते हैं बल्कि यातायात को पंगु बना देते हैं।

​डीएम का यह निर्देश कि "अगले 7 दिनों के भीतर सभी चिन्हित हॉटस्पॉट से आवारा पशु हटें, अवैध खटालों पर ताले लगें, मालिकों पर भारी जुर्माना ठोका जाए और लावारिस मवेशियों को मानपुर गौरक्षणी या सुधा डेयरी समितियों को सौंपा जाए", एक बेहद व्यावहारिक और सख्त कदम है।
प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए एक-एक नोडल पदाधिकारी की सीधी जवाबदेही तय करना इस बात का संकेत है कि अब 'लापरवाही की गुंजाइश' बर्दाश्त नहीं होगी।

​2. डिजिटल निगरानी:
गूगल मैप पर शौचालय और क्यूआर कोड से जनता की अदालत,
​नागरिक सुविधाओं के नाम पर अब तक लाखों-करोड़ों रुपये सार्वजनिक शौचालयों पर खर्च हुए, लेकिन जमीनी हकीकत यह रही कि अधिकांश शौचालयों में ताले लटके मिले या वे गंदगी के दुर्गंधयुक्त खंडहर बन गए।

​बैठक में लिया गया निर्णय व्यवस्था में पारदर्शिता लाने वाला है:
​गूगल मैप पर लोकेशन:
पेट्रोल पंपों की तरह अब कोई भी देसी-विदेशी पर्यटक मोबाइल खोलकर नजदीकी जनसुविधा केंद्र तक आसानी से पहुंच सकेगा।

​क्यूआर कोड फीडबैक:
शौचालय के बाहर लगा क्यूआर कोड सीधे आम नागरिक को रिपोर्टर बना देगा। नागरिक खुद बताएंगे कि पानी है या नहीं, सफाई हुई या नहीं।

​थर्ड पार्टी मासिक सर्वे:
विभागीय लीपापोती को रोकने के लिए स्वतंत्र एजेंसियों से जांच कराने का फैसला भ्रष्टाचार और खानापूर्ति की पुरानी परिपाटी पर करारी चोट है।

​3. कचरे के पहाड़ और अवैध पोस्टरों से मुक्ति की चुनौती :
​शहरी स्वच्छता का सबसे बड़ा स्याह पहलू है मुख्य सड़कों के किनारे कचरे के 'ओपन डंपिंग पॉइंट्स'। डीएम ने दो-टूक आदेश दिया है कि मुख्य मार्गों पर डंपिंग पॉइंट्स को फौरन समाप्त कर बड़े डस्टबिन लगाए जाएं और होटलों, मॉल्स व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 4-कलर कोडेड डस्टबिन (गीला व सूखा कचरा अलग) अनिवार्य किया जाए।
​इसके साथ ही, सरकारी दीवारों, बिजली के खंभों और नवनिर्मित पुलों-फ्लाईओवरों को बदरंग करने वाले राजनीतिक व व्यावसायिक पोस्टरबाजों को नोटिस और जुर्माना भेजने का आदेश शहर के सौंदर्यबोध को बचाने के लिए नितांत आवश्यक था। खुले में मांस-मछली की मनमानी बिक्री पर स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत नकेल कसने का निर्देश भी समय की मांग है।

​4. जनभागीदारी और 4 घंटे का 'क्विक रिस्पॉन्स'
​स्वच्छता कोई एकतरफा सरकारी आदेश नहीं, बल्कि जन-आंदोलन है। व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8409461488 और 'स्वच्छ गया' मोबाइल ऐप के जरिए शिकायत दर्ज होने के 4 घंटे के भीतर सफाई की समय-सीमा तय करना नगर निकायों की कार्यशैली के लिए सबसे बड़ा लिटमस टेस्ट होगा। बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स और 'कॉफी विद डीएम' के युवाओं को भागीदार बनाना यह दर्शाता है कि प्रशासन नीतियों को केवल दफ्तर तक सीमित न रखकर नागरिक विमर्श का हिस्सा बना रहा है।

​जनसरोकार का सवाल:
आदेश जारी, अब जमीन पर तामील की बारी
​जिलाधिकारी की मंशा, रोडमैप और प्रशासनिक संकल्प में कोई खोट नहीं दिखता। प्रारूप आधुनिक है, समय-सीमा स्पष्ट है और जवाबदेही तय है। लेकिन गया शहर की जनता अतीत में ऐसे कई 'अतिक्रमणमुक्त' और 'स्वच्छता' अभियानों को शुरू होते और कुछ ही हफ्तों में ठंडे बस्ते में जाते देख चुकी है।

​सवाल यह है कि क्या नगर निगम और नगर परिषद के मातहत अधिकारी, सुपरवाइजर और प्रवर्तन दल उसी निष्ठा और कठोरता से जमीन पर उतरेंगे, जिस गंभीरता से सभागार में फाइलें पलटी गईं?

​गया और बोधगया केवल बिहार के दो शहर नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के सामने भारत की सांस्कृतिक विरासत का आईना हैं।

यदि 7 दिनों के भीतर हॉटस्पॉट खाली होते हैं, सड़कों से अतिक्रमण और मवेशी हटते हैं, और 4 घंटे में कचरा उठने का सिस्टम सचमुच काम करता है—तो यह ऐतिहासिक नगरी एक नए, आधुनिक और गरिमामय युग में प्रवेश करेगी।
जनता की निगाहें अब 26 नवंबर के उस कैलेंडर पर टिकी हैं, जब यह 7 दिनों की मियाद पूरी होगी।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

Vande Bharat Live TV NewsVande Bharat Live TV News
भागलपुर में सांसद अजय मंडल का बियाडा घाट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, जहाज पर कार ले जाने से रोकने पर भड़के सांसद, एफआईआर और धरने की दी चेतावनी, प्रशासनिक निर्देश का हवाला देकर जहाज संचा
पति बेचारा दारोगा, पत्नी पटना की रानी: एक ‘सरकारी क्वार्टर’ वाली प्रेम-कहानी का फिल्मी पर्दाफाश! वाह रे कलयुग की गृहस्थी!
Bhagalpur24 Nov

पति बेचारा दारोगा, पत्नी पटना की रानी: एक ‘सरकारी क्वार्टर’ वाली प्रेम-कहानी का फिल्मी पर्दाफाश! वाह रे कलयुग की गृहस्थी!

पति बेचारा दारोगा, पत्नी पटना की रानी: एक 'सरकारी क्वार्टर' वाली प्रेम-कहानी का फिल्मी पर्दाफाश! वाह रे कलयुग…

पूरी खबर पढ़ें →
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गया के द्वारा जनता दरबार में आमजनों की शिकायतें सुनी गई l
Gaya24 Nov

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गया के द्वारा जनता दरबार में आमजनों की शिकायतें सुनी गई l

आज दिनांक 24.11.2026 को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), गया के द्वारा जनता दरबार में आमजनों की शिकायतें सुनी गई।…

पूरी खबर पढ़ें →
चांद प्रखंड की तीन दुग्ध समितियों के लिए अध्यक्ष पद पर नामांकन, कुल 21 पर्चे दाखिल
Kaimur (Bhabua)24 Nov

चांद प्रखंड की तीन दुग्ध समितियों के लिए अध्यक्ष पद पर नामांकन, कुल 21 पर्चे दाखिल

चांद प्रखंड की तीन दुग्ध समितियों के लिए अध्यक्ष पद पर नामांकन, कुल 21 पर्चे दाखिल चांद (कैमूर)।…

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!