मंदिर में चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश! एसपी को फोन करने के बाद पहुंची पुलिस

पुलिस गश्ती पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, एसपी को फोन पर दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवराढ़ कला खुर्द गांव स्थित मां काली मंदिर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर ग्रामीणों की आस्था को ठेस पहुंचाई है। चोर मंदिर परिसर से मां काली की मूर्ति में लगी सोने की 14 आंखें, 11 किलो और 10 किलो के दो पीतल के घंटे, एक बाल्टी तथा एक पीतल का लोटा चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के पुजारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। चोरी की घटना से पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और कुदरा थाना पुलिस को दी गई, लेकिन आधे घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कैमूर के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी को फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी। एसपी को सूचना दिए जाने के बाद डायल 112 और कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू की।
इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार मंदिर से घंटे की चोरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इलाके में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। मंदिर के पुजारी सहित मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में पुलिस गश्ती नहीं होने की शिकायत की।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटना का जल्द से जल्द उद्भेदन करते हुए इसमें शामिल चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाए तथा मंदिर से चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में कुदरा थानाध्यक्ष प्रिया प्रियदर्शी ने फोन पर बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस संबंध में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जल्द ही चोरी की घटना का उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने की बात कही।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







