जगतगुरू श्री नानक देव जी के 557वे प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार l

प्रेस विज्ञप्ति
जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, गुरु साहिब के प्रेम, सेवा, समानता एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
गया जी। बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब, गया जी में आयोजित विशेष धार्मिक समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव जी के चरणों में श्रद्धा एवं नमन अर्पित करते हुए उपस्थित संत-महात्माओं, सिख समाज के गणमान्य सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी केवल सिख धर्म के संस्थापक ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उन्होंने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पूरी दुनिया को प्रेम, शांति, समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया। उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' आज भी मानव जीवन के लिए आदर्श मार्गदर्शन हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त जात-पात, ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास का विरोध करते हुए मानव समानता एवं धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने सिखाया कि सच्ची मानव सेवा जरूरतमंदों की सहायता करने, भूखों को भोजन कराने और समाज में प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करने में निहित है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आज के समय में गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उनके विचार हमें ऐसे समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं, जहां सभी धर्मों का सम्मान हो, प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार एवं सम्मान मिले और मानवता सर्वोपरि हो।
उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार का सिख गुरुओं से विशेष संबंध रहा है। पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब हम सभी के लिए श्रद्धा, आस्था और गौरव का महान केंद्र है। इस गौरवशाली विरासत को संरक्षित करना हम सभी का दायित्व है।
इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारा साहिब, गया जी की प्रबंधक कमेटी तथा कार्यक्रम के आयोजकों को प्रकाश पर्व के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, एकता, सेवा और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में देहरादून से पधारे कीर्तन जत्थे द्वारा गुरुवाणी कीर्तन तथा अमृतसर से आए विद्वान द्वारा कथा एवं धार्मिक प्रवचन प्रस्तुत किए गए। गुरुवाणी के मधुर कीर्तन और गुरु साहिब की वाणी से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व में सहभागिता की।
समारोह में अध्यक्ष सरब सिंह, सचिव मनजीत सिंह गांधी, कोषाध्यक्ष भूपिंदर सिंह, सदस्य जसवंत सिंह, कुलवंत सिंह एवं गुरतेज सिंह उपस्थित रहे। साथ ही प्रबंधक कमेटी के कानूनी सलाहकार एवं कार्यक्रम के संचालक अधिवक्ता अंकुश बग्गा तथा स्त्री सत्संग की अध्यक्ष कवलजीत कौर सहित सिख समाज के अनेक गणमान्य सदस्य, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों को श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
बोले सो निहाल! सत श्री अकाल!
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







