जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश प्राकृतिक खेती को मिलेगा विस्तार, आगर जिले में 8 नए क्लस्टर बनाने को मंजूरी

*किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर जोर, प्रशिक्षण से लेकर खेतों में प्रदर्शन तक की बनेगी कार्ययोजना*
आगर-मालवा। जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में कृषि विभाग ने नई पहल की है। वर्ष 2026-27 के दौरान जिले में नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत 8 नए क्लस्टर गठित किए जाएंगे। मंगलवार को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में आयोजित आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं प्राकृतिक खेती मिशन की जिला स्तरीय निगरानी समिति की संयुक्त बैठक में इन क्लस्टरों के गठन एवं संचालन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान आत्मा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कृषक प्रशिक्षण, भ्रमण, संगोष्ठी, प्रदर्शन और क्षमता विकास कार्यक्रमों का अनुमोदन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कृषि विस्तार गतिविधियों को प्रभावी बनाते हुए आधुनिक तकनीकों की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए।
पुराने क्लस्टरों की प्रगति भी परखी
बैठक में प्राकृतिक खेती मिशन के तहत पहले से संचालित क्लस्टरों की कार्यप्रगति, किसानों के पंजीयन और उनकी सहभागिता की समीक्षा की गई। साथ ही बीआरसी केंद्रों के माध्यम से तैयार किए जा रहे प्राकृतिक कृषि आदानों की उपलब्धता एवं उपयोग की जानकारी ली गई। नए क्लस्टरों के माध्यम से प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ाने और अधिक किसानों को इस पद्धति से जोड़ने पर जोर दिया गया।
आत्मा परियोजना के पीयूष सोलंकी ने बताया कि बैठक में आगामी वर्ष की गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। मैदानी अमला किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखे और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करे, ताकि किसान प्राकृतिक खेती के साथ उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
बैठक में उप संचालक कृषि गोपेश पाठक, परियोजना संचालक आत्मा पीयूष सोलंकी, उप संचालक पशुपालन डॉ. एम.एल. जारोलिया, उप संचालक उद्यानिकी अर्जुन सिंह राजपूत, एसडीओ कृषि अभियांत्रिकी अंशुल बारोट, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जगत डाबर, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी रविंद्र शर्मा, मत्स्य पालन निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







