बिहार के भागलपुर से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मध्याह्न भोजन (MDM) योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार को 1 लाख 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्टर साहिल राज आगाज टाइम
मिली जानकारी के अनुसार, प्रखंड संसाधन व्यक्ति (BRP) रजनीश कुमार ने DPM मनोज कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। मामला सही पाए जाने के बाद शनिवार को टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया।
इसके बाद निगरानी विभाग की टीम जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित MDM शाखा पहुंची। बताया जा रहा है कि जैसे ही DPM मनोज कुमार अपने केबिन में 1 लाख 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत ले रहे थे, टीम ने अचानक छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया।
इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार को भी पूछताछ के लिए बुलाए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
वहीं, गिरफ्तार DPM मनोज कुमार ने खुद को साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल निगरानी विभाग की टीम मामले में पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
गौर करने वाली बात यह है कि मध्याह्न भोजन योजना सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जाती है। ऐसे में इस योजना से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारी की रिश्वत लेते गिरफ्तारी ने सरकारी व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि निगरानी विभाग की आगे की जांच में इस मामले से जुड़े और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।
#BhagalpurNews #BiharNews #MDMScheme #VigilanceAction #CorruptionWatch