भ्रष्टाचार पर सर्वोच्च अदालत का कड़ा प्रहार : बेनामी संपत्ति, काला सोना और प्रशासनिक जवाबदेही,

लेखक : विजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार
23 नवम्बर 2026,
गयाजी : सरकारी तंत्र में दीमक की तरह फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी लड़ाई में सर्वोच्च न्यायालय ने तीन ऐसे ऐतिहासिक सिद्धांत तय किए हैं, जिन्होंने भ्रष्ट लोक सेवकों के बचने के सभी पारंपरिक कानूनी चोर-दरवाजों को बंद कर दिया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (बिहार) से संबंधित मामलों में शीर्ष अदालत के ये फैसले न केवल बिहार बल्कि पूरे देश की भ्रष्टाचार-रोधी न्यायशास्त्र को नई दिशा देने वाले हैं।
1. लोक सेवक की मृत्यु से खत्म नहीं होगी काली कमाई की जब्ती
केस संदर्भ: The State of Bihar through Vigilance Vs. Sudha Singh [SLP (Cr.) No.-7454/2025] एवं The State of Bihar through Vigilance Vs. Uma Devi [SLP (Cr.) Diary No.-15698/2025] (निर्णय दिनांक: 20.03.2026)
विधिक सिद्धांत:
बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 (Bihar Special Courts Act, 2009) के तहत शुरू की गई जब्ती (Confiscation) कार्रवाई संबंधित लोक सेवक की मृत्यु होने पर भी स्वतः समाप्त (Abate) नहीं होगी।
गहन विश्लेषण:
अब तक भ्रष्ट अधिकारियों की मृत्यु के बाद आपराधिक मुकदमे समाप्त होने की आड़ में उनके परिजन बेनामी और अवैध संपत्ति का उपभोग करते रहे हैं। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट कर दिया कि यदि अवैध संपत्तियां पत्नी, परिजनों या अन्य गैर-लोक सेवकों के नाम पर हैं और उन्हें प्रक्रिया के तहत विधिवत नोटिस दिया जा चुका था, तो जब्ती की कानूनी कार्रवाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी।
यह फैसला संदेश देता है कि अपराध का कर्ता भले दुनिया में न रहे, अपराध से कमाई गई संपत्ति समाज की है और उसे राज्य द्वारा जब्त किया ही जाएगा।
2. CBDT की 'सोना रखने की छूट' भ्रष्टाचार के मामलों में ढाल नहीं,
केस संदर्भ: बिहार राज्य बनाम फूलपरी कुमारी [आपराधिक अपील सं0-5212/2026, SLP (Cr.) No.-15711/2026] (पीठ: न्यायमूर्ति के०वी० विश्वनाथन एवं न्यायमूर्ति अरुण पल्ली, निर्णय दिनांक: 02.11.2026)
विधिक सिद्धांत: सीबीडीटी (CBDT) के निर्देश संख्या-1916 (दिनांक 11.05.1994) एवं 01.12.2016 की प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देकर आय से अधिक संपत्ति (DA Case) में सोने/आभूषणों को स्वतः वैध नहीं ठहराया जा सकता।
गहन विश्लेषण:
आयकर विभाग के नियमों के तहत विवाहित महिला के लिए 500 ग्राम, अविवाहित महिला के लिए 250 ग्राम और पुरुष के लिए 100 ग्राम सोना जब्ती से मुक्त रखने की सामान्य व्यवस्था का दुरुपयोग अक्सर भ्रष्ट अधिकारी अपने आय से अधिक संपत्ति के मुकदमों में बचाव के लिए करते थे।
सर्वोच्च न्यायालय ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (PC Act) और आयकर परिपत्रों के बीच स्पष्ट रेखा खींच दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि आरोपी को बरामद सोने व आभूषणों के अर्जन का वैध और संतोषजनक वित्तीय स्रोत (Source of Income) साबित करना अनिवार्य होगा; केवल सीमा का हवाला देकर स्वतः छूट का दावा खारिज कर दिया गया है।
3. 48 घंटे हिरासत = स्वतः निलंबन; और जमानत पर स्पष्ट दृष्टिकोण
केस संदर्भ: विश्वजीत सिंह उर्फ विश्वजीत रामानन्द बनाम राज्य [SLP (Cr.) No.-13108/2026, निगरानी थाना कांड सं0-29/2025] (आदेश दिनांक: 06.11.2026)
विधिक सिद्धांत:
1. यदि कोई लोक सेवक 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहता है, तो वह सेवा नियमावली के तहत स्वतः निलंबित (Deemed Suspension) माना जाएगा, इसके लिए विभाग द्वारा अलग से औपचारिक आदेश निकालना आवश्यक नहीं है।
2. भ्रष्टाचार निवारण मामलों में सामान्यतः निर्धारित अधिकतम सजा को ध्यान में रखकर जमानत पर विचार होना चाहिए, बशर्ते गंभीर आपराधिक इतिहास न हो।
गहन विश्लेषण:
अक्सर नौकरशाही में अपने रसूख के बल पर गिरफ्तार अधिकारी निलंबन आदेश जारी होने में देरी करवाकर प्रशासनिक लाभ लेने की कोशिश करते थे। शीर्ष अदालत ने इसे 'डीम्ड सस्पेंशन' के स्पष्ट नियम के साथ अकाट्य बना दिया है। साथ ही, जमानत के मुद्दे पर अदालत ने प्रक्रियागत संतुलन स्थापित किया—रिश्वत की रकम छोटी है या बड़ी, यह जमानत तय करने का प्राथमिक आधार नहीं होगा; विचारणीय बिंदु अपराध की गंभीरता, अधिकतम दंड और आपराधिक इतिहास होंगे।
निष्कर्ष: संस्थागत जवाबदेही का नया युग,
सर्वोच्च न्यायालय के ये तीनों निर्णय जांच एजेंसियों—विशेष रूप से निगरानी और सतर्कता ब्यूरो—के हाथ मजबूत करते हैं। इन्होंने लोक सेवकों के उस भ्रम को पूरी तरह तोड़ दिया है कि वे अपनी काली कमाई परिजनों के नाम छिपाकर या कानूनी प्रक्रियाओं को उलझाकर सुरक्षित रख सकते हैं।
जब्ती की निरंतरता, संपत्ति के स्रोत की सख्त जवाबदेही और स्वतः निलंबन जैसे कदमों से देश में 'जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन' को वास्तविक वैधानिक धार मिली है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







