मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 196 श्रद्धालु अयोध्या-काशी यात्रा पर रवाना
विशेष ट्रेन से 23 से 28 नवंबर तक करेंगे रामनगरी अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन, स्टेशन पर हुआ आत्मीय स्वागत
कटनी। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत सोमवार, 23 नवंबर को कटनी जिले के 196 श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन के माध्यम से अयोध्या और काशी (वाराणसी) की धार्मिक यात्रा के लिए रवाना किया गया। कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन से रात 9:35 बजे ट्रेन ने तीर्थयात्रियों को लेकर प्रस्थान किया। प्रस्तावित 23 से 28 नवंबर तक की इस यात्रा में श्रद्धालु अयोध्या और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
यात्रा पर रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल एवं तहसीलदार आकाश नीरज ने यात्रियों को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। धार्मिक यात्रा को लेकर बुजुर्ग श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
बुजुर्गों को तीर्थयात्रा कराने की सराहनीय पहल
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को यात्रा के दौरान भोजन, आवास, परिवहन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाती हैं।
उल्लेखनीय है कि योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो आयकरदाता नहीं हैं, प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा कर सकते हैं। कटनी जिले के 196 श्रद्धालुओं के अयोध्या-काशी रवाना होने से बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी और धार्मिक आस्था का उत्साह दिखाई दिया।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 – जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाइव न्यूज
📞 7509747686