नरयावली विधानसभा के दो शासकीय विद्यालयों में बनेगी बाउंड्रीवॉल, 26.49 लाख की स्वीकृति

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* नरयावली विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के सतत प्रयासों से महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्र के दो शासकीय विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्यों को स्थायी वित्तीय समिति से प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन कार्यों पर कुल 26.49 लाख की राशि व्यय होगी। स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बरारू में 198 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल का निर्माण 15.04 लाख की लागत से तथा शासकीय हाई स्कूल पड़रिया में 150 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल का निर्माण 11.45 लाख की लागत से किया जाएगा।
दोनों कार्यों की निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा निर्धारित की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
बाउंड्रीवॉल निर्माण से विद्यालय परिसरों की सुरक्षा एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण विकसित करने, विद्यालय परिसर को व्यवस्थित रखने तथा शिक्षण गतिविधियों के सुचारु संचालन में सहायता मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। विधायक लारिया क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं अन्य जनसुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रयासरत हैं।
विद्यालयों में आवश्यक निर्माण कार्यों की स्वीकृति इसी विकासोन्मुखी दृष्टिकोण का परिणाम है। इन कार्यों से बरारू एवं पड़रिया के विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
नरयावली विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में यह स्वीकृति एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण निर्मित होगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







