आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष का संकल्प

रिपोर्टर -विनोद उयके
दुर्गूकोंदल। रायपुर में सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुईं विधायक सावित्री मनोज मंडावी, आरक्षण, UCC और जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
आरक्षण में कटौती और UCC का विरोध, आदिवासी हितों को लेकर विधायक सावित्री मंडावी ने बैठक में की सहभागिता
आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक हितों और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए समाज को एकजुट करने तथा अपने अधिकारों की लड़ाई संगठित रूप से लड़ने का संकल्प लिया गया।
राजधानी रायपुर स्थित विमतारा होटल में सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से आए समाज के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी भी विशेष रूप से सम्मिलित हुईं।
बैक में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत विषयों पर गंभीरता एवं विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक पहचान, परंपराओं और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए सभी को एक मंच पर आकर संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है।
समाज के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में आदिवासी विकास विभाग का नाम परिवर्तन कर जनजातीय कार्य विभाग किए जाने के प्रस्ताव का विरोध प्रमुखता से उठाया गया।
इसके साथ ही आदिवासियों के आरक्षण में कटौती से जुड़े मुद्दे पर चिंता व्यक्त की गई। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर आदिवासी समाज की परंपराओं, रूढ़िगत व्यवस्थाओं एवं संवैधानिक संरक्षण पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर होने वाली सरकारी भर्तियों में आदिवासी युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि आदिवासी बहुल क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिल सके और उनका आर्थिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके।
भू-राजस्व संहिता की धारा 165(6) के अंतर्गत आदिवासियों की भूमि के अंतरण पर प्रतिबंध से जुड़े प्रावधानों को प्रभावी बनाए रखने तथा आदिवासियों की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का विषय भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासियों की भूमि केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उनकी संस्कृति, परंपरा, आजीविका और पहचान का महत्वपूर्ण आधार है।
इसलिए भूमि संबंधी संवैधानिक सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। बैठक में उपस्थित समाज के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने तथा समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित आंदोलन और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को शासन के समक्ष रखने पर सहमति व्यक्त की।
विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी की उपस्थिति ने बैठक में राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधित्व की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बनाया। बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान, संस्कृति और भविष्य की सुरक्षा के लिए आपसी एकता, जागरूकता और सामूहिक संघर्ष बेहद जरूरी है।
समाज के प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि जल, जंगल, जमीन और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर निरंतर आवाज बुलंद की जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






