रेवाड़ी (सुरेश सिहाग ) डी ए वी पुलिस पब्लिक स्कूल रेवाड़ी के होनहार विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे रेवाड़ी जिले का नाम रोशन किया है। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पदक जीतकर लौटे इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता अनुशासन, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास का परिणाम होती है। इस प्रकार की उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
इसी क्रम में एएसपी रेवाड़ी दीपिका अग्रवाल (आईपीएस) ने भी पदक जीतकर लौटे सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा विजेता खिलाड़ियों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य श्री जॉय बनर्जी एवं समस्त स्टाफ ने छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बच्चों को आगे बढ़ने के भरपूर अवसर प्रदान करता है।
पदक विजेता विद्यार्थियों का विवरण इस प्रकार रहा:
स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) विजेता:
अंडर-14 बॉयज नेटबॉल: अर्नव, उमंग अग्रवाल, हार्दिक कौशिक एवं दीपेश यादव।
अंडर-14 गर्ल्स नेटबॉल: हिमांशी, नमी यादव, सोम्या गुर्जर, तनिष्का, अवनी संगेर एवं दिविशा।
अंडर-19 गर्ल्स नेटबॉल: चारू शर्मा, अंकिता चौहान एवं अंजलि।
कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) विजेता:
अंडर-17 गर्ल्स नेटबॉल: ओजस्विनी कौशिक, हर्शिका, तेजस्वी यादव, अद्विका शर्मा, चित्रा, रिधिमा एवं तन्नु।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों की शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।