बाल विवाह पर प्रहार, गांव-गांव जागरूकता का संकल्प मंडावा में कार्यशाला आयोजित, अधिकारियों और महिला प्रतिनिधियों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया प्रण

मंडावा (झुंझुनूं)(निलेश मुदगल)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से मिटाने और बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में मंडावा में जागरूकता की पहल की गई। राजस्थान महिला कल्याण मंडल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, मंडावा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आंबेडकर भवन में बाल विवाह के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और महिला प्रतिनिधियों ने भाग लेकर बाल विवाह मुक्त गांव और समाज बनाने का संकल्प लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ अन्याय है। प्रत्येक गांव को बाल विवाह मुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन, विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और आमजन को मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से ही इस कुरीति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
जिला समन्वयक चेतना शर्मा ने महिला अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग होना जरूरी है। जब महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगी, तभी समाज में वास्तविक बदलाव आएगा। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम में महिलाओं, युवाओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी उषा कुलहरि ने संपूर्ण सुरक्षित मातृत्व चक्र की जानकारी देते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। इससे उनकी शिक्षा बाधित होती है और भविष्य की संभावनाएं भी सीमित हो जाती हैं। तहसीलदार सुरेंद्र सिंह मीणा ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। विकास अधिकारी अमित चौधरी ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित
कार्यक्रम में महिला कल्याण एवं सशक्तीकरण के क्षेत्र में विभिन्न विभागों में सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इनमें सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग से महीपाल मीणा, पंचायत राज विभाग से मनोज एवं किशोर, राजस्व विभाग से कविता मीणा एवं विजय काला, शिक्षा विभाग से संतरा मगवा एवं राजेश कुमार, राजीविका से तेजेंद्र एवं संजीदा, समाज कल्याण विभाग से नेहा झाझरिया तथा पुलिस विभाग से एएसआई राजेश जी एवं कांस्टेबल नीलम जी सहित वीरेंद्र दादरवाल को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार सुरेंद्र सिंह मीणा, विकास अधिकारी अमित चौधरी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लोकेश मीणा, कृषि अधिकारी राजेंद्र सिंह, जिला समन्वयक चेतना शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग से उषा कुलहरि, प्रियंका, सुभिता एवं मोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यशाला ने यह संदेश दिया कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर देकर ही एक सशक्त समाज की नींव रखी जा सकती है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







