Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Jhalawar

31 साल बाद खानपुर पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान, देविका मीणा एक मत से निर्वाचित

27 Nov 2026, 09:03 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
31 साल बाद खानपुर पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान, देविका मीणा एक मत से निर्वाचित - JHALAWAR, राजस्थान

खानपुर। खानपुर पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने 31 साल बाद इतिहास रच दिया।

कांग्रेस प्रत्याशी देविका मीणा 12 मत प्राप्त कर एक मत से प्रधान निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी एवं जिला महामंत्री हेमंत सिंह हाड़ा सोजपुर को पराजित किया।

हाड़ा को 11 मत मिले। खास बात यह रही कि पंचायत समिति के सभी 23 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया और किसी भी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई।चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

पंचायत समिति परिसर कांग्रेस के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

इस दौरान विधायक सुरेश गुर्जर भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने खानपुर-बकानी की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता जनार्दन ने कांग्रेस पर भरोसा जताकर दोनों पंचायत समितियों में प्रधान बनाने का अवसर दिया है।

इस जीत को क्षेत्र की जनता को समर्पित करते हुए उन्होंने हाथ जोड़कर मतदाताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने विधायक गुर्जर को कंधों पर उठाकर जमकर नारेबाजी की।निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रजत कुमार विजयवर्गीय ने चुनाव परिणाम घोषित किया।

प्रमाण पत्र प्राप्त करने और शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित प्रधान देविका मीणा के पंचायत समिति परिसर से बाहर आने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। देविका मीणा ने कहा कि 31 साल बाद क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देकर उन्हें प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

वह विधायक सुरेश गुर्जर के साथ मिलकर बिना किसी भेदभाव के पूरे क्षेत्र का विकास कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विधायक गुर्जर ने भी कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

गौरतलब है कि नवनिर्वाचित प्रधान देविका मीणा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बालचंद मीणा की पुत्रवधू हैं।प्रधान पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। सबसे पहले पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव नरेंद्र नागर की अगुवाई में भाजपा प्रत्याशी हेमंत सिंह हाड़ा ने नामांकन दाखिल किया।

इसके कुछ देर बाद विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस प्रत्याशी देविका मीणा ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।

दोपहर 3.05 बजे भाजपा के सभी 11 सदस्य एक साथ मतदान करने पहुंचे। इसके करीब आधे घंटे बाद कांग्रेस के सभी 12 सदस्यों ने बारी-बारी से मतदान किया।

शाम करीब 4.15 बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद मतगणना कर निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम घोषित किया।वर्ष 1995 में नया पंचायती राज कानून लागू होने के बाद खानपुर पंचायत समिति में पहली बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है।

पंचायत समिति के 23 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस के 12 और भाजपा के 11 प्रत्याशी सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद दोनों ही दलों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी की जीत का दावा कर रहे थे।

शुक्रवार को हुए मतदान में कांग्रेस के सभी 12 और भाजपा के सभी 11 सदस्यों ने अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। इस तरह किसी भी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई और परिणाम संख्या बल के अनुरूप रहा।इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक गरिमा जिंदल, खानपुर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह, तहसीलदार हेमराज कपूर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

खानपुर पंचायत समिति में शनिवार को उपप्रधान पद के लिए चुनाव होगा। निर्वाचन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से पंचायत समिति कार्यालय में शुरू होगी।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में कांग्रेस की भंवरी देवी बनीं प्रधान, 15 मतों से दर्ज की जीत
Sikar27 Nov

श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में कांग्रेस की भंवरी देवी बनीं प्रधान, 15 मतों से दर्ज की जीत

# श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में कांग्रेस की भंवरी देवी बनीं प्रधान, 15 मतों से दर्ज की जीत **श्रीमाधोपुर…

पूरी खबर पढ़ें →
सड़क सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए इंस्पेक्टर दिनेश सिंह सम्मानित
Jaipur27 Nov

सड़क सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए इंस्पेक्टर दिनेश सिंह सम्मानित

जयपुर में जाट ऑफिसर्स सोशल फोरम के दीपावली मिलन समारोह में मोमेंटो एवं माला पहनाकर किया सम्मान जयपुर(निलेश…

पूरी खबर पढ़ें →
कुशवाह धर्मशाला में हुआ अन्नकूट प्रसादी वितरण
Bharatpur27 Nov

कुशवाह धर्मशाला में हुआ अन्नकूट प्रसादी वितरण

रुदावल। रुदावल स्थित वाले हनुमानजी मंदिर परिसर में कुशवाह धर्मशाला में अन्नकूट प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!