चंद्रपुर महानगरपालिका में नगरसेवकों का मानधन दोगुना; पैसों के मुद्दे पर एकजुट हुए सभी दल, बिना विरोध प्रस्ताव को मिली मंजूरी

राज्य में सूखे और विकास कार्यों पर आर्थिक पाबंदी के बीच जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाई अपनी ही ‘सैलरी’, 10 हजार से बढ़कर अब हर महीने मिलेंगे 20 हजार रुपये।
समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ चंद्रपुर: महाराष्ट्र में एक ओर जहां सूखे जैसे हालात बने हुए हैं और कई विकास कार्यों पर आर्थिक पाबंदियां लगाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर चंद्रपुर महानगरपालिका के नगरसेवकों ने अपना ही मानधन दोगुना कर लिया है। महानगरपालिका की आम सभा (सर्वसाधारण सभा) में सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है, जिसकी राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है।
जनता के मुद्दों पर हंगामा, मानधन के नाम पर दिखी ‘एकता’
चंद्रपुर महानगरपालिका की बैठकों में हंगामा और शोर-शराबा होना कोई नई बात नहीं है। आयोजित आम सभा में भी भूमिगत सीवरेज योजना (भुयारी गटार योजना) और ‘अमृत-2’ जलापूर्ति योजना जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर नगरसेवकों के बीच तीखी नोकझोंक और जोरदार हंगामा देखने को मिला।
लेकिन जैसे ही सदन के पटल पर नगरसेवकों के मानधन में बढ़ोतरी का विषय आया, पूरे सदन का माहौल अचानक बदल गया। जो नगरसेवक कुछ देर पहले तक एक-दूसरे का कड़ा विरोध कर रहे थे, वे सभी आपसी मतभेद भुलाकर बड़े ही सौहार्दपूर्ण माहौल में एक साथ आ गए और प्रस्ताव को बिना किसी विरोध के पारित कर दिया।
अब हर महीने मिलेंगे 20 हजार रुपये
अब तक चंद्रपुर महानगरपालिका के नगरसेवकों को प्रति माह 10 हजार रुपये मानधन के रूप में दिए जाते थे। आम सभा में मानधन वृद्धि के प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद अब उन्हें हर महीने 20 हजार रुपये मिलेंगे।
यानी नगरसेवकों के मानधन में सीधे तौर पर दोगुनी बढ़ोतरी कर दी गई है। खुद के फायदे के लिए हमेशा एक हो जाते हैं जनप्रतिनिधि।
राजनीतिक हलकों और आम नागरिकों के बीच इस फैसले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
आमतौर पर सत्तापक्ष और विपक्ष के नेता—चाहे वे विधायक हों, सांसद हों या स्थानीय नगरसेवक—विभिन्न मुद्दों पर एक-दूसरे के खिलाफ खड़े नजर आते हैं और उनके मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आते हैं। लेकिन जब बात अपने खुद के लाभ की आती है, तो सभी दलों के बीच गजब की एकजुटता देखने को मिलती है।
फिर चाहे वह सांसदों की कैंटीन का मामला हो, विधायकों के वेतन बढ़ाने की बात हो या नया विधायक निवास बनाने का प्रस्ताव—सभी दल एक-दूसरे का खुलकर समर्थन करते हैं। चंद्रपुर महानगरपालिका में भी आज इसी राजनीतिक प्रवृत्ति की झलक देखने को मिली।
सूखे के संकट के बीच फैसले पर उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि इस समय राज्य में सूखे जैसी गंभीर स्थिति बनी हुई है। प्रशासनिक स्तर पर कई कामों पर ब्रेक लगा हुआ है और आर्थिक संकट के चलते विभिन्न विकास कार्यों पर वित्तीय सीमाएं और निर्बंध लगाए जा रहे हैं।
ऐसे कठिन समय में विकास कार्यों की गति बढ़ाने के बजाय खुद का मानधन दोगुना करने के लिए नगरसेवकों द्वारा दिखाई गई यह एकजुटता शहर भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







