मतदाता सूची में न छूटे एक भी पात्र नागरिक, बूथों पर पहुंचकर डीएम ने परखी अभियान की रफ्तार

– डीएम अंजनी कुमार सिंह ने खुद संभाली मोर्चा, फॉर्म-6 के आवेदनों की जांच कर ऑनलाइन फीडिंग में तेजी लाने के दिए निर्देश।
– विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिले के सभी बूथों पर विशेष कैंप, नए मतदाता बनने को युवाओं में दिखा उत्साह।
जिला संवाददाता इरफान अंसारी
लखीमपुर खीरी। मतदाता सूची में हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को खीरी प्रशासन ने बूथ स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को प्रभावी बनाने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने 140-श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति परखी, बीएलओ से सीधे संवाद किया और फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति जानी। डीएम ने दो टूक कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग उसी दिन सुनिश्चित की जाए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। सुबह 10 से शाम चार बजे तक चले इन कैंपों में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान का अधिकार पाने जा रहे युवाओं को पंजीकरण का अवसर मिला।
अभियान की वास्तविक प्रगति जानने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तहसील सदर के विधानसभा क्षेत्र 140-श्रीनगर के परिषदीय विद्यालय कोरैया जंगल (बूथ संख्या 114, 115 व 116), धसरापुर (बूथ संख्या 112 व 113) और बौठा (बूथ संख्या 89 व 90) में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त फॉर्म-6 की संख्या, नए मतदाताओं के पंजीकरण और ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति की जानकारी ली। धसरापुर में बीएलओ नीलम देवी शर्मा, शर्मा देवी वर्मा तथा सुपरवाइजर आशीष सिन्हा के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
*डीएम का स्पष्ट संदेश; आवेदन में देरी नहीं, उसी दिन हो फीडिंग*
डीएम ने निर्देश दिए कि कैंप में प्राप्त प्रत्येक फॉर्म-6 की ऑनलाइन फीडिंग उसी दिन कराई जाए। आवेदन प्राप्त होने के बाद उसे लंबित रखने की प्रवृत्ति न अपनाई जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि अपने-अपने बूथ क्षेत्र में ऐसे सभी पात्र नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को चिह्नित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतने की हिदायत भी दी।
*डीएम के निर्देश पर एसडीएम, नोडल अधिकारी भी बूथों पर सक्रिय*
डीएम के निर्देशों के क्रम में जिले के सभी उप जिला मजिस्ट्रेटों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर विशेष कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से अभियान की प्रगति जानी और पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में जिलेभर के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान संचालित हुआ।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






