
दरभंगा। जिले के बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत चकवा भरवारी पंचायत में प्रगतिशील किसान मुकेश कुमार सिंह द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही केले की खेती अब अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से हो रही इस खेती ने न केवल बेहतर उत्पादन की संभावना दिखाई है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इसी क्रम में उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद एवं जिला उद्यान पदाधिकारी नीरज कुमार झा ने किसान मुकेश कुमार सिंह के केले के खेत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केले की खेती में अपनाई जा रही तकनीक, उत्पादन क्षमता, लागत एवं विपणन व्यवस्था से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने खेत में पौधों की स्थिति, खेती की गुणवत्ता तथा समग्र प्रबंधन व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।
जिला उद्यान पदाधिकारी नीरज कुमार झा ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही उन्नत केले की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने अन्य किसानों से भी पारंपरिक खेती के साथ-साथ उन्नत बागवानी फसलों की ओर कदम बढ़ाने की अपील की। वहीं उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि ऐसे सफल किसानों की कहानियां क्षेत्र के अन्य कृषकों को नवाचार और आधुनिक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खेती की सराहना करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया, जिससे भविष्य में उत्पादन और गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।






















