

सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664*/7 एम.पी. गर्ल्स बटालियन एन.सी.सी. सागर के तत्वावधान में सोशल सर्विस एवं कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत “जल जीवन मिशन” जागरूकता अभियान का आयोजन सादगीपूर्ण रूप से म.ल.बा.क्र. 01 सागर के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर “जल जीवन मिशन” सोशल सर्विस का मार्गदर्शन 7 एम.पी. गर्ल्स बटालियन में पदस्थ ए.एन.ओ. ऑफिसर मेजर प्रतिभा तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रथम अधिकारी सिमता मिश्रा एवं लेफ्टिनेंट कीर्ति शेखावत ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रविन्द्र देव चौबे, उपसंचालक (रिटायर्ड) उद्यानिकी विभाग एवं डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय रहे। उन्होंने कैडेट्स को पानी के महत्व, जल संकट एवं पानी को लेकर आने वाली चुनौतियों से अवगत कराया। साथ ही जल जीवन मिशन के उद्देश्य “हर घर जल, हर घर नल से जल” की जानकारी देते हुए जल की प्रत्येक बूंद को बचाने का संदेश दिया। पानी की बर्बादी रोकने हेतु आवश्यक सावधानियों के साथ महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। जागरूकता अभियान के अंतर्गत 7 एम.पी. गर्ल्स बटालियन एन.सी.सी. सागर की विभिन्न इकाइयों से आए विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय की सीनियर व जूनियर गर्ल्स कैडेट्स द्वारा “जल है तो कल है” विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं। सीनियर कैडेट्स ने “पानी का महत्व” पर नाटक प्रस्तुत किया, वहीं जूनियर कैडेट्स ने नृत्य के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त भाषण एवं प्रश्नोत्तरी के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई गई। कैडेट्स द्वारा सिटी स्टेडियम चौराहे पर “पानी बचाओ, भविष्य के लिये” विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन कर आमजन का ध्यान आकर्षित किया गया। “जल संरक्षण”, “जल की बर्बादी न करें” एवं “जल है तो कल है” जैसे नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली सिटी स्टेडियम से दीनदयाल चौक होते हुए एलिवेटेड कारिडोर तक पहुंची, जहां जय घोष के साथ शहर गूंजायमान हो उठा। रैली का समापन सादगीपूर्ण रूप से म.ल.बा. 01 में हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में 7 एम.पी. गर्ल्स बटालियन के आर्मी व सिविल स्टाफ तथा एनसीसी अधिकारियों मेजर रामकुमारी ठाकुर, कैप्टन नेहा जैन, लेफ्टिनेंट वंदना तिवारी, लेफ्टिनेंट डॉ. सुमन पटेल एवं तृतीय अधिकारी अमिला तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम को सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने में थाना प्रभारी गोपालगंज एवं डी.एस.पी. यातायात का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम का समापन एन.सी.सी. गीत “हम सब भारतीय हैं” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।












