
धार,(सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड) 27 जुलाई 2026। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री विजय चौरसिया ने उपस्थित किसानों के साथ हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को रवाना किया। यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर किसानों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराएगा तथा फसल बीमा के प्रति जागरूक करेगा।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री विजय चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि, बाढ़, सूखा एवं अन्य प्राकृतिक कारणों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न गांवों में किसानों को योजना की पात्रता, अधिसूचित फसलें, बीमा कराने की प्रक्रिया, अंतिम तिथि, प्रीमियम, दावा प्रक्रिया तथा योजना के अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि इस वर्ष औसत से कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसान खरीफ मौसम की अधिसूचित फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक बीमा कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में फसल क्षति होने पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके और किसानों को नुकसान की भरपाई मिल सके। उन्होंने कहा कि समय पर फसल बीमा कराकर किसान अपनी मेहनत और निवेश को सुरक्षित बना सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित जानकारीपूर्ण पम्पलेट वितरित किए गए तथा उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना से जुड़ी विभिन्न जानकारियां भी साझा कीं।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, प्रगतिशील किसान तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा कराने का आग्रह कि
या।










